नई दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर संसद के मानसून सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। खडग़े ने यह मांग सरकार की ओर से संशोधित परिसीमन प्रस्ताव को आगामी मानसून सत्र में फिर से पेश किए जाने की खबरों के बीच की है।खरगे का कहना है कि परिसीमन से जुड़ा मुद्दा देश के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और संघीय ढांचे पर सीधा असर डाल सकता है। ऐसे में इस पर सभी राजनीतिक दलों के साथ व्यापक चर्चा और सहमति जरूरी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि सरकार इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को संसद में लाने से पहले सभी दलों को विश्वास में ले।
यह पत्र ऐसे समय आया है जब संसद का मानसून सत्र शुरू होने वाला है और विपक्ष सरकार के कई मुद्दों पर घेराबंदी की तैयारी में है। सरकार ने सत्र से पहले 19 जुलाई को सर्वदलीय बैठक बुलाने का कार्यक्रम तय किया है। हालांकि, खरगे की ओर से प्रधानमंत्री को लिखे गए पत्र ने परिसीमन के मुद्दे को लेकर सियासी बहस और तेज कर दी है। कांग्रेस लगातार मांग करती रही है कि परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव पर सभी दलों के साथ खुलकर चर्चा की जाए। पार्टी का आरोप है कि ऐसे संवेदनशील विषयों पर जल्दबाजी में फैसला नहीं होना चाहिए। अब देखना होगा कि सरकार खरगे की मांग पर क्या रुख अपनाती है और मानसून सत्र में परिसीमन प्रस्ताव को लेकर विपक्ष की रणनीति क्या रहती है।



