HomeNationalसाढ़े चार साल में पंजाब में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ-...

साढ़े चार साल में पंजाब में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ- भगवंत सिंह मान

न फरमाइश, न पेपर लीक, न कैश, मेरिट पर पंजाब के 69 हजार युवाओं को दे चुका हूं सरकारी नौकरी- भगवंत सिंह मान

नई दिल्ली- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पेपर लीक का झूठ फैला रहे भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल पर तीखा हमला बोला। मंगलवार को संसद में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत अन्य सांसदों से मिलने संसद पहुंचे भगवंत सिंह मान ने कहा कि न फरमाइश, न पेपर लीक और न कैश, सिर्फ मेरिट पर पंजाब के 69 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुका हूं। भाजपा, पंजाबियों की मेहनत को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप लगा रही है। राजनीतिक जमीन पाने के लिए पंजाबियों को बदनाम करने की राजनीति भाजपा को भारी पड़ेगी। भाजपा राजनीतिक लड़ाई मुझसे लड़े। पंजाब के युवाओं की लगन और मेहनत को बदनाम करना बंद करे।

मंगलवार को संसद में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसदों से मिलने के उपरांत मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि लोकतंत्र की यही खूबसूरती है कि लोग आपस में मिलते रहें। राजनीति में वैचारिक मतभेद चलते रहते हैं और ये हो भी सकते हैं, लेकिन आपस में मनभेद नहीं होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने पंजाब में पेपर लीक के झूठे आरोपों पर साफ कहा कि पंजाब में हमारी सरकार को बने हुए साढ़े चार साल हो गए हैं, लेकिन वहां एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पिछले दिनों पंजाब में फार्मेसी के एक एग्जाम में हमारे सामने चीटिंग का एक मामला जरूर आया था। सुबह 11 बजे एग्जाम शुरू हुआ और 11ः15 बजे तक हमें पता चल गया कि कोई छात्र ब्लूटूथ वाले पेन से स्कैनिंग करके बाहर से हेडफोन के जरिए जवाब पूछ रहा था। पुलिस ने इस मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए 10 छात्रों के साथ-साथ बाहर बैठे 11 लोगों के पूरे गैंग को पकड़कर जेल भेज दिया। पंजाब में ‘नो कैश, नो फरमाइश’ व सिर्फ और सिर्फ मेरिट के सिद्धांत पर काम होता है।

विपक्ष की ओर से राज्य के शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग के सवाल पर सीएम भगवंत मान ने कहा कि पहली बात तो फार्मेसी का एग्जाम शिक्षा विभाग का नहीं, बल्कि स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आता है। पहले ही स्वास्थ्य मंत्री ने खुद यह साफ कर दिया है कि वहां कोई पेपर लीक नहीं हुआ था, केवल चीटिंग की कोशिश हो रही थी, जिसे तुरंत रोक दिया गया और वह एग्जाम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। पंजाब में पेपर लीक जैसी कोई घटना नहीं हो सकती।अकाली दल के झूठे दावों पर भगवंत मान ने कहा कि अकाली दल का पंजाब में अब कोई दावा नहीं चलता। वे हैं ही कितने। साथ ही, संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन करने वाली भाजपा पहले दिल्ली का जंतर-मंतर संभाल ले। मैं बिना एक भी रुपया लिए, केवल मेरिट के आधार पर 68,855 युवाओं को नौकरियां देकर सामने खड़ा हूं। पंजाब में चीटिंग और भ्रष्टाचार अब बीते समय की बातें हो गई हैं। भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल पहले अपने आप को संभाल लें, वे झाड़ू की फिक्र न करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments