HomeNationalहंगामे के बीच लोकसभा में दो बिल पास, कार्यवाही बुधवार तक स्थगित

हंगामे के बीच लोकसभा में दो बिल पास, कार्यवाही बुधवार तक स्थगित

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी के बीच दो महत्वपूर्ण विधेयक पारित किए गए। लगातार हो रहे विरोध-प्रदर्शन के चलते सदन की कार्यवाही पहले दोपहर दो बजे तक स्थगित की गई। दो बजे कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद भी विपक्षी सांसदों की नारेबाजी जारी रही। कुछ देर बाद सदन की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।हंगामे के बीच लोकसभा ने राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम संशोधन विधेयक, 2026 तथा केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने से संबंधित विधेयक को मंजूरी दी।

विपक्षी सांसदों के लगातार नारे हंगामें के बावजूद सरकार ने दोनों विधेयकों को पारित कराने की प्रक्रिया पूरी कराई। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने केरल का नाम बदलने से संबंधित विधेयक को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि केरलम नाम को बहाल करने वाला यह विधेयक बेहद अहम है। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद केसी वेणुगोपाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वे एक वरिष्ठ सांसद हैं और उन्हें इस बात का दुख है कि विधेयक पारित होने के दौरान वे अपनी बात सदन में नहीं रख सके।

विपक्ष लगातार कर रहा गृह मंत्री से जवाब की मांग – संसद में पिछले कई दिनों से सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध बना हुआ है। विपक्षी सांसद दिल्ली में 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई, लाठीचार्ज और पेलटगन इस्तेमाल के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष संसद परिसर और सदन के भीतर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहा है। विपक्ष का आरोप है कि छात्र प्रदर्शनकारियों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार को सदन में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। वहीं, सरकार की ओर से लगातार सदन की कार्यवाही चलाने और विधायी कामकाज पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।

13 अगस्त को खत्म होगा मानसून सत्र – संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ था और 13 अगस्त को इसका अंतिम दिन निर्धारित है। सत्र के दौरान लगातार हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कई बार बाधित हुई है। विपक्ष विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेर रहा है, जबकि सत्ता पक्ष विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने में जुटा है। मानसून सत्र के अंतिम दिनों में भी सदन में गतिरोध जारी रहने से सरकार और विपक्ष के बीच टकराव कम होने के बजाय बढ़ता नजर आ रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments