नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के 18वें दिन बुधवार को लोकसभा और राज्यसभा में हंगामे के कारण कार्यवाही बाधित रही। दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित किए जाने के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष से सदन चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। विपक्ष आज दोपहर 3 बजे से चर्चा शुरू करे, वह खुद सदन में बैठकर सभी की बात सुनेंगे और गुरुवार को दोपहर 3 बजे जवाब देंगे।गृह मंत्री शाह ने कहा, कि सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा से पीछे नहीं हट रही है, लेकिन इसके लिए सदन का सुचारू रूप से चलना जरूरी है। उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि वह अपनी बात सदन में रखे और चर्चा का अवसर दे।
17 दिनों में 12 बिल पेश, सात दोनों सदनों से पास – मानसून सत्र समाप्त होने में अब दो दिन शेष हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 17 दिनों में संसद में 12 नए विधेयक पेश किए गए, जिनमें से सात लोकसभा और राज्यसभा दोनों से पारित हो चुके हैं। इनमें केवल दो विधेयकों पर सदन में चर्चा हुई, जबकि अन्य विधेयक विपक्ष के हंगामे और विरोध के बीच पारित किए गए। सत्र के दौरान संसद की कार्यवाही भी बड़े पैमाने पर प्रभावित हुई है। 17 दिनों में लोकसभा में करीब 16 घंटे 12 मिनट और राज्यसभा में 28 घंटे 30 मिनट ही कामकाज हो सका। लोकसभा में सात विधेयक महज 36 मिनट में पारित किए गए। इस पूरे सत्र में प्रश्नकाल सबसे अधिक प्रभावित रहा है।



