नई दिल्ली । एकदिवसीय क्रिकेट में आक्रामक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के नाम एक ऐसा रिकार्ड है जो आज तक बरकरार है। यहां तक कि महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से लेकर विराट कोहली और रोहित शर्मा भी इसे तोड़ नहीं पाये हैं। सहवाग ने साल 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ इंदौर के होलकर स्टेडियम में कप्तानी करते हुए एक केवल 149 गेंदों पर 219 रन बना दिये थे। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 25 चौके और 7 छक्के लगाये थे।कप्तान के रूप में एकदिवसीय में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाजों की वैश्विक सूची में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा दूसरे पायदान पर काबिज हैं।
रोहित ने साल 2017 मे श्रीलंका के खिलाफ मोहाली में टीम की कमान संभालते हुए नाबाद 208 रनों की पारी खेली थी। 153 गेंदों का सामना करते हुए रोहित ने अपनी पारी में 13 चौके और 12 छक्के लगाये थे। एकदिवय क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी 264 रन का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के ही नाम दर्ज है, लेकिन बतौर कप्तान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 208 रन ही रहा और वे सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ने से मात्र 11 रन पीछ रह गए। दुनिया भर के एकदिवसीय क्रिकेट इतिहास में सहवाग और रोहित शर्मा ही एकमात्र ऐसे दो खिलाड़ी हैं, जिन्होंने कप्तान रहते हुए दोहरे शतक लगाने का कारनामा किया है।
इस खास सूची में तीसरे स्थान पर श्रीलंका के पूर्व दिग्गज सनथ जयसूर्या हैं, जिन्होंने साल 2000 में शारजाह में भारत के खिलाफ कप्तानी करते हुए 189 रनों की पारी खेली थी। तेंदुलकर इस सूची में चौथे स्थान पर दर्ज हैं। सचिन ने साल 1999 में न्यूजीलैंड के खिलाफ हैदराबाद में बतौर कप्तान 150 गेंदों पर नाबाद 186 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज सर विवियन रिचर्ड्स ने साल 1987 में श्रीलंका के खिलाफ 181 रनों की परी खेली थी।



