नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक में सूखे की स्थिति को लेकर पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। खड़गे ने कहा कि सूखे के कारण राज्य में बड़े पैमाने पर फसलों को नुकसान हुआ है और लाखों किसान इससे प्रभावित हुए हैं। खड़गे के मुताबिक कर्नाटक सरकार ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के तहत केंद्र से 3,705.30 करोड़ रुपए की मदद मांगी है। उन्होंने पीएम को भेजे पत्र में केंद्र से राज्य को जल्द राहत उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक खड़गे ने कहा कि राज्य के 31 लाख से ज्यादा किसान परिवार सूखे की स्थिति से प्रभावित हैं।
उन्होंने केंद्र से अपील की कि कर्नाटक की सहायता राजनीतिक विचारों के आधार पर नहीं, बल्कि राज्य की वास्तविक स्थिति और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए की जाए।उन्होंने कहा कि सूखे से राहत देना मानवीय जरूरत है और इसे केंद्र और राज्य के बीच राजनीतिक मतभेदों से ऊपर रखा जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार कर्नाटक को समय पर और संवेदनशीलता के साथ सहायता उपलब्ध कराएगी। खड़गे ने बताया कि उन्होंने इसी मांग को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी अलग से पत्र लिखा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर दोनों पत्र साझा करते हुए केंद्र सरकार से सूखे की स्थिति का आकलन कर राज्य को जरुरी राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।



