नई दिल्ली । देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 20 अक्टूबर को तमिलनाडु, केरल और ओडिशा समेत 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना जताई है। दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तर भारत में सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है।दिल्ली-एनसीआर में 20 अक्टूबर को आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंड महसूस होगी।
दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ग्रीन और येलो जोन में दर्ज किया गया है।उत्तर प्रदेश और बिहार में 20 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। दोनों राज्यों में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, तापमान में गिरावट से सुबह और रात के समय ठंड बढ़ सकती है।तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में भी अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया और आसपास के जिलों में भी आंधी, बिजली चमकने और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को स्थानीय मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।



