लेह। भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने लेह में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट की पहली लोकल बेंच का उद्घाटन किया। इस बेंच में 21 अक्टूबर 2026 से नियमित सुनवाई शुरू होगी। इसके शुरू होने से लद्दाख के लोगों को न्याय पाने के लिए बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्य न्यायाधीश ने घोषणा की कि लद्दाख के वकील अब सुप्रीम कोर्ट में मामलों की पैरवी के लिए वर्चुअल सुनवाई के माध्यम से सीधे जुड़ सकते है।
इससे उन्हें सुनवाई के लिए दिल्ली जाने की अनिवार्यता से राहत मिलेगी और समय तथा खर्च की बचत होगी। लेह में स्थायी बेंच स्थापित होने से आम नागरिकों, वादियों और क्षेत्र में तैनात सैनिकों को न्यायिक कार्यवाही के लिए जम्मू या श्रीनगर तक लंबी यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। इससे दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए न्याय तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। यह पहल लद्दाख में न्यायिक सुविधाओं को मजबूत करने और तकनीक के जरिए न्याय व्यवस्था को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



