नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली के गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित रानी गार्डन झुग्गी बस्ती में रविवार तड़के भीषण अग्निकांड हो गया। सुबह करीब 3 बजे लगी इस आग में कम से कम 8 से 10 झुग्गियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 6 गाडिय़ां और स्थानीय पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग कई झुग्गियों में तेजी से फैल चुकी थी, जिस पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
करीब तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फायर ऑफिसर ने बताया कि उन्हें सुबह 3.06 बजे आग लगने की सूचना मिली थी और तुरंत कार्रवाई की गई। इस अग्निकांड में कई परिवार रातों-रात बेघर हो गए और उनका लाखों का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। आग में अपनी झुग्गी गंवाने वाले एक पीडि़त ने बताया, हम सो रहे थे तभी पास के एक व्यक्ति ने चिल्लाकर बताया कि भीषण आग लग गई है। आग इतनी तेज थी कि हम बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाकर निकल पाए। एक अन्य पीडि़त ने बताया कि घर का सारा सामान नष्ट हो गया है, जिससे उनका बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



