मुंबई। अब जब आप फ्लैट खरीदेंगे, तो सिर्फ़ छत ही नहीं, नीचे की ज़मीन भी आपकी होगी। जी हाँ, महाराष्ट्र सरकार जल्द ही वर्टिकल प्रॉपर्टी कार्ड लाने वाली है। इससे 50-100 मंज़िला इमारत में रहने वाले हर व्यक्ति को क़ानूनी कागज़ पर इमारत के नीचे की ज़मीन का पूरा हिस्सा मिलेगा। सात मंज़िला ज़मीन पर भी आपका नाम होगा। आईये जानते हैं कि क्या है ये क़ानून?अगर आप 50 लाख रूपये का फ्लैट भी खरीदते हैं, तो ज़मीन का मालिकाना हक़ सोसाइटी के नाम या 100 लोगों के संयुक्त नाम पर होता था। बैंक लोन, बिक्री, उत्तराधिकार के अधिकार को लेकर काफ़ी उलझन थी। मेरी ज़मीन कितनी है? कोई नहीं बता पाता था। मगर अब महाराष्ट्र सरकार ने देश की सबसे बड़ी संपत्ति क्रांति की घोषणा की।
दरअसल राज्य सरकार ने घोषणा की है कि अब हर फ्लैट मालिक को वर्टिकल प्रॉपर्टी कार्ड मिलेगा, जिसमें फ्लैट के साथ-साथ नीचे की ज़मीन का निजी हिस्सा भी स्थायी रूप से दर्ज होगा। यानि आज से, फ्लैट का मतलब सिर्फ़ छत नहीं, बल्कि ज़मीन का मालिक होना है। यह बात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कही। इस कार्ड में भवन का कुल क्षेत्रफल, आपका पूरा हिस्सा (जैसे 1/150 हिस्सा) और क्यूआर कोड वाला डिजिटल हस्ताक्षर होगा। सबसे खास बात यह है कि आपका नाम सातबारा उतारा पर किसान की तरह दिखाई देगा। 1 जनवरी, 2026 से नए फ्लैटों के लिए यह कार्ड अनिवार्य होगा, जबकि पुराने 2 करोड़ फ्लैट मालिकों को 2027 तक यह सिर्फ़ 500 रुपये में मिलेगा। बैंक लोन, पुनर्विकास, विरासत के अधिकार अब 48 घंटों के भीतर मिल जाएँगे। राज्य के राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा, एक कार्ड से 60 साल की जटिलताएँ खत्म हो गई हैं। महाराष्ट्र ने देश को एक नया मॉडल दिया है।



