नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार रात जूते बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। बेसमेंट से शुरू हुई इस आग की चपेट में आने और दम घुटने से कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हैं। दमकल विभाग की करीब 20 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे ऊपरी मंजिलों में फैलने से रोका। दिल्ली अग्निशमन और पुलिस की टीमों ने फैक्ट्री के अंदर फंसे 6 लोगों को बेहोशी की हालत में निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 4 को मृत घोषित कर दिया।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हादसा मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया के फेज-1 स्थित प्लॉट संख्या बी-293/294 में हुआ। यह जूता निर्माण और भंडारण की यूनिट थी।
आग की शुरुआत बेसमेंट से हुई थी, जहां अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री, रबर और केमिकल रखे होने के कारण घना धुआं तेजी से फैल गया। दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई कर लपटों को बेसमेंट तक ही सीमित रखा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सभी 6 झुलसे और धुएं से प्रभावित व्यक्तियों को तुरंत मंगोलपुरी स्थित अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका आईसीयू में उपचार जारी है। पुलिस ने फैक्टरी परिसर को सील कर दिया है और आग लगने के कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है। फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ सुरक्षा मानकों और एनओसी की जांच कर विधिक धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



