चंडीगढ़: पंजाब के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पंजाब में कई जगहों पर मौसम का मिजाज बदला रहा। कई जगहों पर हल्की बारिश हुई। इसके साथ ही मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए बड़ी अपडेट जारी की है। ताजा जानकारी के मुताबिक, पंजाब में दो दिन कई जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश की सीमा से लगते जिले पठानकोट और होशियारपुर के कुछ इलाकों में बहुत हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही रात और सुबह के समय राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम धुंध पड़ने की संभावना है।
पंजाब के कई जिलों जैसे कि पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मोगा, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, बरनाला और मानसा में आज, 14 नवंबर को बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा लुधियाना, संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और एस.ए.एस. नगर में मौसम शुष्क बना रहेगा।
15 तारीख के बाद मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। 15, 16 और 17 नवंबर को पंजाब के सभी जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। वहीं, अगर तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बावजूद यह सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान 33.1 डिग्री बठिंडा में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर और इसके आसपास के क्षेत्रों में एक ‘पश्चिमी विक्षोभ’ सक्रिय है। इसके प्रभाव में वायुमंडल की मध्य परत में पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। नतीजतन, पठानकोट और होशियारपुर में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद पूरे क्षेत्र में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।



