नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को दो दिवसीय यात्रा पर फिलीपीन की राजधानी मनीला के लिए रवाना हुए। वह 16 और 17 नवंबर को फिलीपीन में रहेंगे और राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन तथा 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।रवानगी से पहले जारी बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आसियान देशों के साथ भारत के संबंध उसकी ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के केंद्र में हैं और ‘महासागर’ विजन में भी इनका महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के संबंध सदियों पुराने सभ्यतागत आदान-प्रदान पर आधारित हैं।
समय के साथ यह साझेदारी व्यापार, संपर्क, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच आपसी संबंधों समेत कई क्षेत्रों तक विस्तारित हुई है। पीएम मोदी ने कहा कि आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वह व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति को आगे बढ़ाने और विकास, संपर्क तथा समृद्धि के साझा लक्ष्यों को नई गति देने के लिए अन्य नेताओं के साथ काम करने को उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा के लिए महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराएगा।प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि वह शिखर सम्मेलन में शामिल नेताओं के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।



