नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ शुक्रवार सुबह से ओडिशा के तट से टकराने लगा है। तूफान के बाहरी बारिश वाले बादल सुबह से ही तटीय इलाकों में पहुंच गए और गोपालपुर के आसपास इसके टकराने की प्रक्रिया शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, यह प्रक्रिया करीब तीन घंटे तक जारी रह सकती है। चक्रवात के प्रभाव से ओडिशा के साथ आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तेज बारिश और हवाएं चल रही हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, चक्रवात पिछले छह घंटे में करीब 21 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। शुक्रवार सुबह यह आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से करीब 80 किलोमीटर पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से करीब 130 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था। इसके शुक्रवार दोपहर पुरी और गोपालपुर के बीच ओडिशा तट को पार करने का अनुमान जताया गया है।चक्रवात को देखते हुए ओडिशा में करीब तीन लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में 2,523 राहत शिविर बनाए हैं, जबकि 423 रेस्क्यू टीमें तैनात की गई हैं। तटीय क्षेत्रों में प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं।
69 ट्रेनें रद्द, 28 के समय में बदलाव – चक्रवात के कारण रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ है। पूर्व तट रेलवे ने 41 ट्रेनें और दक्षिण पूर्व रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की हैं। वहीं, 28 अन्य ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है। रद्द की गई सेवाओं में लंबी दूरी की एक्सप्रेस, पैसेंजर, मेमू और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया है।
बंगाल में भी बारिश, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह – चक्रवात का असर पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में भी दिखाई दे रहा है। सुंदरबन के तटीय इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं और नदी तथा समुद्र के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। बक्खाली और गंगासागर जैसे पर्यटन स्थलों पर लोगों को पानी में जाने से रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग ने चक्रवात का असर करीब 10 राज्यों में पड़ने की आशंका जताई है।



