चंडीगढ़/अमृतसर-मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर पंजाब को सुरक्षित एवं नशामुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस (सी.आई.) अमृतसर ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक नाबालिग सहित तीन व्यक्तियों को 17.5 किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार कर सीमा पार से संचालित नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण उर्फ रहमत और राहुल सिंह, दोनों निवासी नारायणगढ़, छेहरटा (अमृतसर) के रूप में हुई है, जबकि तीसरा आरोपी नाबालिग है। हेरोइन की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने आरोपियों की काले रंग की ‘हीरो स्प्लेंडर’ मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल नशीले पदार्थों की आवाजाही के लिए किया जाता था।डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अजनाला के सीमावर्ती क्षेत्र से ड्रोन के माध्यम से भेजी जाने वाली हेरोइन की खेप प्राप्त करते थे और उसे आगे विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करते थे।
ऑपरेशन के संबंध में जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सी.आई. अमृतसर की टीमों को पुख्ता सूचना मिली थी कि अरुण उर्फ रहमत, राहुल सिंह और उनके एक नाबालिग साथी ने कुछ अन्य अज्ञात सहयोगियों के साथ मिलकर हाल ही में अजनाला के सीमावर्ती क्षेत्र से हेरोइन की एक बड़ी खेप प्राप्त की है। वे इस नशीले पदार्थ को आगे सप्लाई करने के लिए अमृतसर-अजनाला रोड स्थित ‘अड्डा महल बुखारी’ की ओर जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और ‘अड्डा महल बुखारी’ के निकट तीनों आरोपियों को 17.5 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार कर लिया।
डीजीपी ने कहा कि इस मामले के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने, नेटवर्क में शामिल अन्य सदस्यों की पहचान करने तथा पूरे नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है।इस संबंध में एफआईआर नंबर 77, दिनांक 23-11-2026 को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत पुलिस थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है।



