चंडीगढ़/नई दिल्ली-राज्यसभा सांसद एवं ट्राइडेंट ग्रुप के संस्थापक चेयरमैन राजिंदर गुप्ता ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान पंजाब के विकास, आर्थिक संभावनाओं और वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। भाजपा की पंजाब चुनाव घोषणा पत्र समिति के सदस्य राजिंदर गुप्ता ने मुलाकात के दौरान राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और आर्थिक विकास को गति देने जैसे मुद्दों पर भी अपने विचार रखे।
उन्होंने पंजाब के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अमित शाह को भाजपा के ‘मिशन पंजाब’ में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब भाजपा ने पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने 23 नवंबर को सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी तैयारियों के समन्वय के लिए 16 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया है। इसके साथ ही प्रस्तावित चुनावी घोषणा पत्र ‘संकल्प पत्र’ के लिए समाज के विभिन्न वर्गों से सुझाव लेने की राज्यव्यापी मुहिम भी शुरू की गई है।पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना की अध्यक्षता में गठित प्रदेश घोषणा पत्र समिति में राजिंदर गुप्ता को भी शामिल किया गया है।
वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ की अगुवाई में आरोप पत्र समिति का गठन भी किया गया है। मालवा क्षेत्र के बरनाला-बठिंडा से राजिंदर गुप्ता का जुड़ाव भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मालवा पंजाब का एक प्रमुख चुनावी क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में विधानसभा सीटें आती हैं।उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले राजिंदर गुप्ता ने वर्ष 1985 में अभिषेक इंडस्ट्रीज की स्थापना की थी, जिसे आगे चलकर ट्राइडेंट ग्रुप के रूप में विकसित किया। समूह का कपड़ा, कागज, रसायन और ऊर्जा क्षेत्रों में कारोबार है तथा पंजाब और मध्य प्रदेश में इसकी प्रमुख विनिर्माण इकाइयां हैं।



