नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चेयरमैन डॉ. वी. नारायणन ने कहा है कि भारत का महत्वाकांक्षी मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान अपनी तैयारियों के अंतिम चरण में पहुंच गया है। मिशन में किसी तरह की देरी नहीं हुई है। रॉकेट सिस्टम से जुड़े सभी प्रमुख हिस्से तैयार हैं और ऑर्बिटल मॉड्यूल पर काम तेजी से जारी है। उन्होंने यह जानकारी दिल्ली में आयोजित पांचवें इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्क्लेव में दी।नारायणन ने बताया कि गगनयान मिशन बेहद जटिल तकनीकी परियोजना है और मानव को सुरक्षित रूप से अंतरिक्ष में भेजने तथा वापस लाने के लिए सुरक्षा, संचालन और रिकवरी से जुड़ी व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं।
मिशन के पहले मानव रहित चरण गगनयान-1 में एआई-सक्षम अर्ध-मानवाकार रोबोट को अंतरिक्ष में भेजकर विभिन्न प्रणालियों और प्रक्रियाओं का परीक्षण किया जाएगा। इसरो प्रमुख ने अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी उद्योगों की बढ़ती भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एचएएल और एलएंडटी के कंसोर्टियम को पांच पीएसएलवी रॉकेट बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। करीब 860 करोड़ रुपये के इस अनुबंध के तहत तैयार किया जा रहा पहला निजी क्षेत्र निर्मित पीएसएलवी 2027 की पहली तिमाही में लॉन्च किए जाने का लक्ष्य है। यह प्रक्षेपण भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी भागीदारी के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। परियोजना इसरो की वाणिज्यिक इकाई न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) के अनुबंध के तहत संचालित हो रही है।
नारायणन ने कहा कि पीएसएलवी को इसरो का ‘वर्कहॉर्स’ कहा जाता है और भारत इसका इस्तेमाल लंबे समय से घरेलू और विदेशी उपग्रहों के प्रक्षेपण के लिए करता रहा है। उन्होंने बताया कि भारत वर्तमान में 64 देशों के साथ अंतरिक्ष सहयोग कर रहा है। पिछले 12 वर्षों में 34 देशों के कम से कम 434 उपग्रह भारत से लॉन्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि संचार और पृथ्वी अवलोकन जैसी बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए भारत को बड़ी संख्या में नए अंतरिक्ष संसाधनों की आवश्यकता होगी। यह काम केवल सरकारी क्षेत्र के भरोसे संभव नहीं है। ऐसे में इसरो और निजी कंपनियों के बीच सहयोग बढ़ाना जरूरी है। भारत का लक्ष्य वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में अपनी भूमिका मजबूत करना और तकनीक उपलब्ध कराने वाले प्रमुख देशों में शामिल होना है।



