HomeHaryanaसंविधान और महापुरुषों को समर्पित रहेगा हरियाणा विधान सभा का विशेष सत्र

संविधान और महापुरुषों को समर्पित रहेगा हरियाणा विधान सभा का विशेष सत्र

चंडीगढ़ – 26 नवंबर को होने वाला हरियाणा विधान सभा का विशेष सत्र देश के संविधान, संविधान निर्माताओं और महान विभूतियों के योगदान एवं आदर्शों को समर्पित रहेगा। सत्र के शुभारंभ से पूर्व विधान सभा परिसर में स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा सभी सदस्य संविधान निर्माता डॉ. अम्बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।सत्र की कार्यवाही सुबह 11 बजे शोक प्रस्तावों के साथ प्रारंभ होगी। इसके पश्चात 11:15 बजे सदन की कार्यवाही सवा घंटे के लिए स्थगित की जाएगी। इस अवधि में विधान भवन के बाहर सेरेमोनियल गेट के समीप संविधान को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा, संविधान निर्माताओं के योगदान और संविधान में निहित मूल्यों पर केंद्रित डॉक्यूमेंटरी फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। इससे पूर्व सभी गणमान्य व्यक्ति विधान भवन के पुस्तकालय के सम्मुख स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तथा संविधान की प्रति पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इस अवसर विधान सभा अध्यक्ष सभी सदस्यों को संविधान की हिंदी और अंग्रेजी की प्रतियां भेंट करेंगे। दोपहर 12:30 बजे सदन की कार्यवाही पुनः प्रारंभ होगी।विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि विशेष सत्र का उद्देश्य संविधान के मूल्यों के प्रति जनप्रतिनिधियों की प्रतिबद्धता को पुनः अभिव्यक्त करना तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति विश्वास और सम्मान को और मजबूत करना है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि संविधान दिवस पर आयोजित यह विशेष सत्र सभी सदस्यों को संवैधानिक आदर्शों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने और देश तथा प्रदेश के लोकतांत्रिक भविष्य को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस का अवसर हमें संविधान निर्माताओं के दूरदर्शी विचारों, त्याग और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है। जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे संवैधानिक मर्यादाओं, संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने आचरण में आत्मसात करें तथा जनहित के मुद्दों पर सदन में सार्थक चर्चा के माध्यम से जनता व जनप्रतिनिधियों को एक अच्छा संदेश दें।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments