नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने संसद के अगले सत्र की तैयारियों को तेज कर दिया है। पीएम मोदी ने कैबिनेट बैठक में अपने मंत्रियों को 15 दिसंबर से पहले संसद सत्र की तैयारियों को पूरी करने और इस दौरान विदेश यात्राओं से बचने की सलाह दी। उन्होंने सभी मंत्रियों से अपने-अपने मंत्रालयों को आगामी सत्र के लिए पूरी तरह से तैयार रखने को कहा है। माना जा रहा है कि सरकार आगामी सत्र में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर आगे बढ़ सकती है।हालांकि सत्र की तारीख और अवधि पर अंतिम फैसला संसदीय कार्य संबंधी कैबिनेट समिति द्वारा किया जाएगा। यह निर्देश ऐसे समय में आया है जब विपक्ष लगातार शीतकालीन सत्र बुलाने में हो रही देरी पर सवाल उठा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार रात तक मानसून सत्र को औपचारिक रूप से स्थगित नहीं किया गया था, और संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद से 100 दिन से ज्यादा का समय बीत चुका है। सत्र की तारीख घोषित नहीं होने से एक विशेष सत्र बुलाए जाने की अटकलें भी तेज हो गई हैं, जिसकी प्रमुख वजह लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन से जुड़ा प्रस्ताव है।वर्तमान में 543 सदस्यीय सदन में तीन पद खाली होने के कारण 540 सदस्य हैं। सत्तारूढ़ एनडीए के पास 320 सांसद हैं, ऐसे में उसे विपक्षी दलों के अतिरिक्त समर्थन की जरुरत होगी। इस बीच विपक्षी खेमे से 26 सांसदों के अलग होने से राजनीतिक समीकरण बदले हैं; तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने एनसीपीआई में विलय कर एनडीए को समर्थन देने की बात कही है, जबकि शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए हैं।
इसके बावजूद सरकार को बहुमत के लिए अतिरिक्त समर्थन जुटाना होगा, जिसमें लोकसभा में 22 सांसदों वाली डीएमके और आठ सांसदों वाली एनसीपी (एसपी) की भूमिका अहम हो सकती है।सूत्रों के मुताबिक परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए सरकार सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी तक बढ़ाने के विकल्प पर विचार कर रही है। प्रस्तावित व्यवस्था में 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखने की बात है, हालांकि इस पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। कांग्रेस ने संसद सत्र बुलाने में देरी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा कि देश को अब तक शीतकालीन सत्र या संभावित विशेष सत्र की तारीखों की जानकारी मिल जानी चाहिए थी।
उन्होंने पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर इशारा करते हुए सवाल किया कि दोनों नेता आखिर क्या रणनीति बना रहे हैं। रमेश ने आरोप लगाया कि सरकार लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है और परिसीमन को लेकर सरकार का फॉर्मूला सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि संसद और विधेयक को लेकर बनी अनिश्चितता के पीछे कोई गंभीर योजना हो सकती है। आगामी सत्र में विपक्ष मतदाता सूचियों के एसआईआर का मुद्दा भी उठा सकता है। इसके साथ ही, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई जा सकती है। सत्तापक्ष के एक सांसद ने कहा कि संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा और मतदान तभी संभव है, जब सदन की कार्यवाही व्यवस्थित ढंग से चले।



