चंडीगढ़– हरियाणा विधानसभा के आज यहां आयोजित एक दिवसीय विशेष सत्र के दौरान विधानसभा के गत सत्र से अब तक दिवंगत हुए प्रमुख व्यक्तियों, हरियाणा के शहीदों तथा सदन के सदस्यों के परिजनों को श्रद्धांजलि देने के लिए शोक प्रस्ताव पारित किए गए। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शोक प्रस्ताव पढ़े और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने भी शोक प्रस्ताव पढ़े और शोक संतप्त परिवारों के सदस्यों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के विधायक आदित्य देवीलाल ने भी अपने-अपने दलों की ओर से शोक प्रस्ताव पढ़े और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सदन ने विधायक पूजा के ससुर तथा हरियाणा के पूर्व मंत्री फूल चंद मुलाना के 20 नवंबर, 2026 को हुए दुःखद निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। सदन ने हरियाणा विधानसभा के पूर्व सदस्य सतविन्द्र सिंह के 21 नवंबर, 2026 को हुए दुःखद निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त किया। सदन ने प्रदेश के उन 24 वीर सैनिकों को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने मातृभूमि की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
इन शहीदों में निरीक्षक सैन प्रकाश, झज्जर; निरीक्षक मनोज कुमार, गांव गोद, जिला महेंद्रगढ़; उप निरीक्षक राजकुमार, गांव कुतानी, जिला झज्जर; उप निरीक्षक विनोद कुमार, गांव भूषण कलां, जिला महेंद्रगढ़; उप निरीक्षक जगदीश चंद्र, गांव सोरखी, जिला हांसी; उप निरीक्षक वेदपाल, गांव मय्यड़, जिला हिसार; सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार, गांव रामबास, जिला महेंद्रगढ़; सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, गांव फरमाना बादशाहपुर, जिला रोहतक; हवलदार सुरेश कुमार, गांव सुन्दरह, जिला महेंद्रगढ़; हवलदार मंदीप कुमार, गांव गुमड़, जिला सोनीपत; हवलदार संदीप कुमार, गांव शेखपुरा, जिला सोनीपत; हवलदार विकास देशवाल, गांव मतलौडा, जिला पानीपत; हवलदार रणदीप सिंह, गांव मानहेरु, जिला भिवानी; हवलदार नरेश कुमार, गांव शादीपुर, जिला जींद; हवलदार अमित कुमार, गांव सिहोर, जिला महेंद्रगढ़; हवलदार वेदप्रकाश, गांव कंवाली, जिला रेवाड़ी; नायक शेर सिंह, गांव बुढ़नपुर बांगर, जिला करनाल; नायक बलजिंद्र सिंह, गांव किरमारा, जिला हिसार; लांस नायक कृष्ण, गांव नंदगढ़, जिला जींद; लांस नायक सुखचैन सिंह, गांव कुत्ताबड, जिला सिरसा; सिपाही विकास कुमार, गांव ढाणी किरावड़, जिला भिवानी; सिपाही परवीन कुमार, गांव सीहा, जिला पलवल; सिपाही दिनेश वशिष्ठ, गांव हीरापुर, जिला फरीदाबाद तथा सिपाही सोमबीर सिंह, गांव अहरी, जिला झज्जर शामिल हैं।
सदन ने राष्ट्र की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले इन वीर सैनिकों की शहादत को शत्-शत् नमन किया। इसके अलावा, सदन ने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मौसी शांति देवी तथा विधायक श्री रणधीर पनिहार की बुआ श्रीमती मरमण देवी के दुःखद निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त किया। सदन ने दिवंगतों के शोक संतप्त परिवारों के सदस्यों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की तथा परमात्मा से उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। सदन के सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं के सम्मान में दो मिनट का मौन भी रखा।



