HomeNational‘‘आप’’ हुई 14 साल की, हमें राजनीति बदल नहीं पाई, हमने राजनीति...

‘‘आप’’ हुई 14 साल की, हमें राजनीति बदल नहीं पाई, हमने राजनीति को बदल दी- केजरीवाल

 हमारे ऊपर बहुत सवाल खड़े हुए, लेकिन हम टिके भी रहे और देश का दिल भी जीता- केजरीवाल                  दिल्ली-पंजाब में सरकार बनाई, जम्मू-कश्मीर से गोवा-गुजरात तक लोगों का प्यार मिला- केजरीवाल

नई दिल्ली- आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत तमाम बड़े नेताओं ने पार्टी के 14वें स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि अब आम आदमी पार्टी 14 साल की हो गई है। इन 14 सालों में हमें राजनीति बदल नहीं पाई, लेकिन हमने राजनीति को बदल दी। उन्होंने कहा कि जब हमने पार्टी की स्थापना की थी, तब हम पर बहुत सारे सवाल खड़े हुए थे, लेकिन हम टिके भी रहे और देश का दिल भी जीता। हमने दिल्ली-पंजाब में सरकार बनाई। जम्मू-कश्मीर, से लेकर गोवा-गुजरात तक लोगों का आशीर्वाद और प्यार मिला।

अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि आज हमारी पार्टी का स्थापना दिवस है। हमने बहुत कम समय में एक लंबा सफ़र तय किया है। जब पार्टी बनी थी तो हम पर बहुत से सवाल खड़े हुए थे। क्या हम कुछ कर पाएंगे? ये पार्टी कितने दिन टिकेगी? भला इन लोगों को राजनीति की क्या समझ है? लेकिन हम टिके भी रहे और पूरे देश का दिल भी जीता। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने दिल्ली में सरकार बनाई, पंजाब में सरकार बनाई, जम्मू-कश्मीर से लेकर गोवा-गुजरात तक हमें भारत के लोगों का विश्वास और प्यार मिला। हमने काम की राजनीति की, शिक्षा और स्वास्थ्य पर बात की। हमें राजनीति बदल नहीं पाई, बल्कि हमने राजनीति को बदल दिया। अभी बहुत कुछ करना है। देश के लिए बहुत काम करना है। हम न डरेंगे न पीछे हटेंगे। आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और हमारे समर्थकों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।

उधर, पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने आम आदमी पार्टी के 15वें स्थापना दिवस पर देशभर के सभी साथियों, वॉलंटियर्स और देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि 2011 में दिल्ली की सड़कों पर उतरे आम लोगों ने एक सीधी बात कही थी कि राजनीति बदले बिना देश नहीं बदलेगा। उसी आंदोलन से 2012 में आज के दिन आम आदमी पार्टी बनी। देशभर के हज़ारों साथियों ने अपनी मेहनत से इस सफ़र को आगे बढ़ाया। दिल्ली और पंजाब में हमने दिखाया कि ईमानदार राजनीति का असर लोगों की ज़िंदगी में कैसे दिखता है। सरकारी स्कूलों में बच्चों को बेहतर पढ़ाई मिली, अस्पतालों में इलाज बेहतर हुआ, बिजली-पानी के बिलों में परिवारों को राहत मिली और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई हुई।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि आज हम फिर संकल्प लेते हैं कि हम ऐसा भारत बनाएंगे, जहां दुनिया के सबसे शानदार विश्वविद्यालय और कॉलेज हों और गांव के एक साधारण परिवार का बच्चा भी सबसे शानदार शिक्षा ले सके। जहां हमारे युवा अपनी सोच और मेहनत से दुनिया की सबसे मज़बूत कंपनियां खड़ी करें और अपने ही देश में लाखों लोगों के लिए अच्छे रोज़गार पैदा करें। हम ऐसा भारत बनाएंगे जिसके गांव और शहर दुनिया की सबसे साफ़-सुथरी और सुंदर जगहों में गिने जाएं। जहां किसान को उसकी मेहनत का पूरा दाम मिले, बेटियां बेफ़िक्र होकर कहीं भी आ-जा सकें और किसी परिवार को इलाज के लिए अपनी ज़िंदगी भर की बचत न लगानी पड़े।

मनीष सिसोदिया ने आगे कहा कि हमारा सपना है कि दुनिया भारत की तरक्क़ी की मिसाल दे और देश का हर नागरिक उस तरक्की को अपनी ज़िंदगी में महसूस करे। हर बच्चे को भरोसा हो कि उसका सपना कितना भी बड़ा हो, उसे पूरा करने का मौका उसे अपने ही देश में मिलेगा। इसी भारत को बनाने के लिए हमने राजनीति में कदम रखा था। इसी सपने को पूरा करने के लिए हम संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करते हुए पूरी ईमानदारी और ताक़त से काम करते रहेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments