भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने यहां मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में उतरते ही एक अनूठा रिकार्ड अपने नाम किया है। इस मैच में उतरते ही यशस्वी अपने टेस्ट करियर के शुरुआती 33 मुकाबले 33 अलग-अलग मैदानों पर खेलने वाले विश्व के दूसरे क्रिकेटर बन गए हैं। उनसे पहले यह अनोखी उपलब्धि पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने हासिल की थी। यशस्वी ने 12 जुलाई 2023 को वेस्टइंडीज के खिलाफ डोमिनिका के विंडसर पार्क में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था।
तब से लेकर अब तक उन्होंने भारतीय टीम के लिए कुल 33 टेस्ट मैच खेले हैं और से सभी मुकाबले अगल-अलग मैदानों पर खेले हैं। कोई भी मुकाबला ऐसे मैदान पर नहीं खेला गया, जहाँ वह पहले कोई टेस्ट मैच खेल चुके हों।अब जायसवाल के पास अब मांजरेकर के रिकॉर्ड को तोड़ने और इस विशिष्ट सूची में शीर्ष पर पहुँचने का भी सुनहरा अवसर है। यदि वह जनवरी में नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट के लिए शामिल किये जाते हैं तो यह सिलसिला 34 अलग-अलग मैदानों तक पहुँच जाएगा, जो एक नया विश्व रिकॉर्ड होगा।
यशस्वी ने नागपुर में एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं, लेकिन कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है, ऐसे में नागपुर टेस्ट की अंतिम ग्याहर में शामिल होना उनके लिए ऐतिहासिक होगा। गौरतलब है कि टेस्ट करियर के शुरुआती मुकाबले अलग-अलग मैदानों पर खेलने वाले खिलाड़ियों की इस विशिष्ट सूची में जायसवाल और मांजरेकर के अलावा महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का नाम भी शामिल है, जिन्होंने अपने शुरुआती 32 टेस्ट अलग-अलग मैदानों पर खेले थे। इसके बाद भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ और वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश रामदीन का नंबर आता है, जिन्होंने अपने शुरुआती 24 टेस्ट अलग-अलग मैदानों पर खेले थे।



