नई दिल्ली। प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार और कांग्रेस के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। संसद में विधेयक पेश किए जाने से पहले कांग्रेस ने इसके विरोध की रणनीति तेज कर दी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी की संसदीय रणनीति बैठक में स्पष्ट किया कि पार्टी परिसीमन विधेयक को रोकने के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करेगी और सभी विपक्षी दलों को एकजुट करने का प्रयास करेगी। कांग्रेस ने संकेत दिया है कि विपक्षी गठबंधन का कोई दल सामूहिक रूप से तय रुख से अलग जाता है तो उसके साथ राजनीतिक संबंधों की समीक्षा की जा सकती है।
कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक कल कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर हुई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने राजनीतिक हितों के लिए परिसीमन विधेयक को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने डीएमके, समाजवादी पार्टी और शरद पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी गुट को विपक्षी रणनीति के लिए महत्वपूर्ण बताया।कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि यदि शरद पवार के नेतृत्व वाला एनसीपी गुट परिसीमन विधेयक के पक्ष में मतदान करता है तो कांग्रेस को अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करना पड़ सकता है। पार्टी का कहना है कि गठबंधन के किसी घटक के सामूहिक फैसले से पीछे हटने की स्थिति में उसके साथ पहले की तरह काम करना कठिन होगा।
सांसदों को विधेयक की प्रतियां नहीं मिलने का आरोप – कांग्रेस ने सरकार पर प्रस्तावित विधेयकों को लेकर सांसदों को अंधेरे में रखने का आरोप लगाया है। पार्टी के मुताबिक, 30 नवंबर को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक और इससे जुड़े अन्य विधेयक पेश किए जाने हैं, लेकिन सांसदों को अभी तक उनकी प्रतियां उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार बड़े संवैधानिक बदलाव की तैयारी कर रही है, जबकि विपक्ष को इसकी पूरी जानकारी नहीं दी जा रही। बैठक के बाद कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या बरकरार रखी जाए। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण भी वर्तमान लोकसभा सीटों के आधार पर लागू किया जाए। इसके साथ ही राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा बंटवारा अगले 25 साल तक नहीं बदला जाना चाहिए।



