नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले परिसीमन से जुड़े विधायी प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को लोकसभा में ‘परिसीमन (सेकंड) विधेयक, 2026’ पर विचार किए जाने की सिफारिश की। केंद्रीय मंत्रिमंडल से शुक्रवार को मंजूरी मिलने के बाद यह विधेयक 30 नवंबर से शुरू होने वाले चार दिवसीय विशेष सत्र में लोकसभा में पेश किया जाएगा। इसके साथ ही संविधान (132वां संशोधन) विधेयक भी सदन में लाया जाना प्रस्तावित है।प्रस्तावित परिसीमन विधेयक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की लोकसभा तथा विधानसभा सीटों की संख्या में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है। प्रस्ताव लागू होने के बाद लोकसभा की कुल सदस्य संख्या बढ़कर करीब 850 हो सकती है। इनमें 815 सीटें राज्यों और 35 सीटें केंद्र शासित प्रदेशों के लिए होने का प्रस्ताव है।
2051 तक राज्यों की हिस्सेदारी रहेगी स्थिर – संविधान संशोधन विधेयक में प्रावधान किया गया है कि 2051 तक लोकसभा में प्रत्येक राज्य की सीट हिस्सेदारी मौजूदा व्यवस्था के अनुरूप बनी रहे। यानी सीटों की कुल संख्या बढ़ने के बावजूद राज्यों के बीच मौजूदा हिस्सेदारी के ढांचे को बनाए रखने की कोशिश की गई है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत 1976 से चली आ रही 1971 की जनगणना आधारित राज्यों की सीट हिस्सेदारी बरकरार रहेगी, लेकिन प्रत्येक राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण उपलब्ध नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर किया जाएगा।
2011 की जनगणना बन सकती है आधार – फिलहाल निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2001 की जनगणना के आधार पर निर्धारित हैं। 2027 की जनगणना की प्रक्रिया जारी होने के कारण परिसीमन लागू होने पर 2011 की जनगणना को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने का आधार बनाए जाने की संभावना है। प्रस्ताव के मुताबिक परिसीमन के बाद सीटों की संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2051 तक स्थिर रहेंगी।
अनुच्छेद 117(3) के तहत सिफारिश – राष्ट्रपति ने यह सिफारिश संविधान के अनुच्छेद 117(3) के तहत की है। यह प्रावधान ऐसे विधेयकों से संबंधित है जिनके लागू होने पर भारत की संचित निधि से व्यय होना है। ऐसे विधेयक को संसद के किसी सदन में पारित करने से पहले राष्ट्रपति की सिफारिश आवश्यक होती है।



