नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र में प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी बहस और विपक्ष के विरोध के बीच केंद्र सरकार ने नए संसदीय नक्शे का खाका सामने रखा है। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रस्तावित परिसीमन के बाद लोकसभा सीटों का राज्यवार विवरण साझा किया। इसके मुताबिक, लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर 816 हो जाएंगी। इनमें 28 राज्यों के लिए 789 और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 27 सीटें प्रस्तावित हैं। प्रस्तावित नक्शे में उत्तर प्रदेश सबसे अधिक लोकसभा सीटों वाला राज्य बना रहेगा। यहां मौजूदा 80 सीटें बढ़कर 120 हो जाएंगी। महाराष्ट्र की सीटें 48 से बढ़कर 72, पश्चिम बंगाल की 42 से 63 और बिहार की 40 से 60 होने का प्रस्ताव है।
तमिलनाडु को 39 के बजाय 59, मध्य प्रदेश को 29 के बजाय 43 और कर्नाटक को 28 के बजाय 42 सीटें मिल सकती हैं।इसी तरह गुजरात की सीटें 26 से बढ़कर 39, आंध्र प्रदेश और राजस्थान की 25 से 38, ओडिशा की 21 से 31 और केरल की 20 से 30 करने का प्रस्ताव है। तेलंगाना को 17 के बजाय 26, असम और झारखंड को 14 के बजाय 21 तथा पंजाब को 13 के बजाय 20 सीटें मिलने की बात कही गई है।छत्तीसगढ़ की सीटें 11 से बढ़कर 16, हरियाणा की 10 से 15, उत्तराखंड की 5 से 8 और हिमाचल प्रदेश की 4 से 6 हो सकती हैं। अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा की सीटें दो से बढ़कर तीन तथा मिजोरम, नागालैंड और सिक्किम की एक से बढ़कर दो करने का प्रस्ताव है।
दिल्ली में 11, जम्मू-कश्मीर में सात सीटें – केंद्र शासित प्रदेशों में दिल्ली की लोकसभा सीटें सात से बढ़कर 11 और जम्मू-कश्मीर की पांच से सात होने का प्रस्ताव है। चंडीगढ़ को एक के बजाय दो और पुडुचेरी को एक के बजाय दो सीटें मिल सकती हैं। दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव की दो सीटें बरकरार रहेंगी। अंडमान-निकोबार, लद्दाख और लक्षद्वीप में एक-एक सीट ही प्रस्तावित है। सरकार के इस प्रस्तावित नक्शे ने परिसीमन के बाद लोकसभा की संभावित तस्वीर को स्पष्ट कर दिया है। हालांकि, विधेयकों पर संसद में चर्चा और विपक्ष के विरोध के बीच अंतिम व्यवस्था विधायी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही तय होगी।



