नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 17 जुलाई, 2025 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रतिष्ठित स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 पुरस्कार प्रदान करेंगी। आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) द्वारा आयोजित इस समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे। स्वच्छ सर्वेक्षण का यह नौवां संस्करण है, जो विश्व के सबसे बड़े शहरी स्वच्छता सर्वेक्षण के रूप में जाना जाता है। इस वर्ष कुल 78 पुरस्कार चार मुख्य श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे, जिनमें सुपर स्वच्छ लीग शहर, पाँच जनसंख्या श्रेणियों में शीर्ष स्वच्छ शहर, विशेष श्रेणी (जैसे गंगा शहर, छावनी बोर्ड, सफाई मित्र सुरक्षा, महाकुंभ) और राज्य स्तरीय पुरस्कार शामिल हैं।
स्वच्छता की जन-आंदोलन यात्रा : स्वच्छ सर्वेक्षण, स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के तहत एक ऐतिहासिक पहल है, जिसने पिछले नौ वर्षों से शहरी भारत की स्वच्छता यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्ष 2016 में 73 शहरी स्थानीय निकायों से शुरू होकर, यह सर्वेक्षण अब 4,500 से अधिक शहरों तक पहुँच गया है। इस वर्ष के पुरस्कार न केवल सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ शहरों को सम्मानित करते हैं, बल्कि प्रगति की मजबूत संभावनाओं वाले छोटे शहरों को भी मान्यता और प्रोत्साहन प्रदान करते हैं।



