पटना। बिहार के विधानसभा चुनाव में बेहद खराब प्रदर्शन के बाद कांग्रेस अब एक्शन के मूड में है। महागठबंधन में रहकर चुनाव लडऩे वाली कांग्रेस सिर्फ 6 सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई थी। इस खराब प्रदर्शन के बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने अनुशासनात्मक समिति बनाई थी। इस समिति ने अब तक सात नेताओं को पार्टी से बाहर कर दिया है और 36 अन्य नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
इन सभी पर अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस ने जिन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है उनमें से अधिकतर ऐसे हैं जिन्होंने प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार और बिहार के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने इन नेताओं पर टिकट देने के बदले रिश्वत लेने का आरोप लगाया था।



