HomeNationalPM मोदी ने बिहारवासियों को दी 7217 करोड़ रुपए की सौगात,विपक्ष पर...

PM मोदी ने बिहारवासियों को दी 7217 करोड़ रुपए की सौगात,विपक्ष पर साधा जमकर निशाना

मोतिहारी। शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिवसीय बिहार दौरे पर आए। इस दौरान उन्होंने बिहार के लिए 7217 करोड़ रुपए की योजनाओं की सौगात दी। इसमें रेल से जुडी 5398 करोड़, आईटी पार्क की 63 करोड़, सड़क की 1173 करोड़, ग्रामीण विकास की 562 करोड़ और मत्स्य पालन से जुडी 21 करोड़ रुपए की योजनाओं की शुरुआत हुई। उन्होंने पूर्वी चंपारण के मोतिहारी से वर्चुअल माध्यम से राजेंद्र नगर टर्मिनल (पटना) से नई दिल्ली, बापूधाम मोतिहारी से दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल), दरभंगा से लखनऊ (गोमती नगर) और मालदा टाउन से लखनऊ (गोमती नगर) वाया भागलपुर के बीच 4 नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।

पीएम मोदी शुक्रवार को दरभंगा एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां उनका स्वागत भाजपा नेताओं ने किया। दरभंगा से हेलीकॉप्टर के जरिए पीएम मोदी मोतिहारी पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दोनों उपमुख्यमंत्री के साथ पीएम मोदी खुली गाड़ी में सवार होकर जनता के बीच से मंच तक पहुंचे। इस दौरान उनपर पुष्पवर्षा की गई। उन्होंने जनता का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। भाजपा के प्रतीक के तौर पर देखे जाने वाले भगवा रंग में रंगा वाहन फूलों से सजा हुआ था। जैसे ही प्रधानमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, भीड़ “मोदी! मोदी!” के नारे लगाने लगी।

 भोजपुरी में अपने संबोधन की शुरुआत की – मोतिहारी में पीएम मोदी ने भोजपुरी में अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने पूर्वी चंपारण के अरेराज में स्थित बाबा सोमेश्वरनाथ को मंच से प्रणाम किया और बिहार की खुशियों के लिए प्रार्थना की। उन्होंने लोगों की ओर हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर अभिवादन किया। भोजपुरी में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सावन के इस पवित्र माह में हम बाबा सोमेश्वर नाथ के चरण में प्रणाम करत बानी। आज उनका से आशीर्वाद मांगतानी कि संपूर्ण बिहार वासियों के जीवन में सुख और शुभ होखे। उन्होंने कहा, आज 7217 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास हुआ। मैं आप सभी को और सभी बिहारवासियों को इन विकास परियोजनाओं की बहुत-बहुत बधाई देता हूं। हमें मोतिहारी को मुंबई की तरह विकसित बनाना होगा। पूर्वी भारत के समग्र विकास के लिए विकसित बिहार जरूरी है।

बिहार में राजद-कांग्रेस शासन के दौरान विकास कोसों दूर हुआ करता था। राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस ने कभी बिहार के गरीब लोगों की भलाई के बारे में नहीं सोचा। पिछले 45 दिन में सरकार ने बिहार में 24,000 स्वयं सहायता समूहों को 1,000 करोड़ रुपये जारी किए। आज बिहार में इतनी तेजी से काम इसलिए हो रहा है, क्योंकि केंद्र और राज्य में बिहार के लिए काम करने वाली सरकार है। जब केंद्र में कांग्रेस और आरजेडी की सरकार थी, तो यूपीए के 10 साल में बिहार को सिर्फ 2 लाख करोड़ रुपये के आसपास मिले। यानी नीतीश जी की सरकार से ये लोग बदला ले रहे थे। 2014 में केंद्र में आपने मुझे सेवा करने का अवसर दिया। केंद्र में आने के बाद मैंने बिहार से बदला लेने वाली उस पुरानी राजनीति को भी समाप्त कर दिया। पिछले 10 साल में, एनडीए के 10 वर्षों में बिहार के विकास के लिए जो राशि दी गई है, वो पहले से कईं गुना ज्यादा है।

नीतीश जी की सरकार ने यहां लाखों युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकार में नियुक्ति भी दी है और नीतीश जी ने अभी बिहार के नौजवानों के रोजगार के लिए नए निश्चय भी लिए हैं। केंद्र सरकार कंधे से कंधा मिलाकर उनका साथ दे रही है। आज बिहार आगे बढ़ रहा है। इसके पीछे सबसे बड़ी ताकत बिहार की माताओं बहनों की है। उन्होंने कहा, हमारा संकल्प है कि आने वाले समय में जैसे पश्चिमी भारत में मुंबई है, वैसे ही पूरब में मोतिहारी का नाम हो। जैसे अवसर गुरुग्राम में हैं, वैसे ही अवसर गया जी में भी बनें। पुणे की तरह पटना में भी औधोगिक विकास हो। सूरत की तरह ही संथाल परगना का भी विकास हो। जयपुर की तरह जलपाईगुड़ी और जाजपुर में भी टूरिज्म के नए रिकॉर्ड बने। बंगलुरू की तरह वीरभूम के लोग भी आगे बढ़ें।

 विपक्ष खासकर राजद पर जमकर निशाना साधा – अपने संबोधन में पीएम मोदी ने विपक्ष खासकर राजद पर जमकर निशाना साधा। लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में कुछ लोग ऐसे भी है जिन्होंने युवाओं को नौकरी देने के बहाने उनकी जमीनों को अपने नाम लिखवाया था। पीएम मोदी ने लालू-राबड़ी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में जब लालटेन वालों की सरकार थी युवाओं को नौकरियां नहीं मिलती थी और जिनको मिलती थी, उनके परिवार वालों से जमीनें लिखवा लेते थे, लेकिन आज जब बिहार में एनडीए की सरकार है तो युवाओं को उनके मेहनत के दम पर नौकरी मिल जाती थी।

 लालू परिवार को दोहरा झटका दिया – पीएम मोदी ने यह बात कहकर लालू परिवार को दोहरा झटका दिया है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने आज (शुक्रवार) ही लालू यादव को तगड़ा झटका दिया है। सर्वोच्च अदालत ने लैंड फॉर जॉब से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई करने से इंकार कर दिया है। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि यह मामला अभी निचली अदालत में चल रहा है, इसलिए वह इस मामले में हस्तक्षेप नहीं करेंगे। इसके साथ ही सर्वोच्च अदालत ने इस मामले को जल्द निपटाने का भी आदेश दिया है। हालांकि उच्चतम न्यायालय ने लालू प्रसाद को निचली अदालत में सुनवाई में पेश होने से छूट प्रदान की है।

 भारत के पूर्वी राज्यों को विकास में आगे बढ़ाना होगा – पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व के देशों का दबदबा बढ़ रहा है। दुनिया में पूर्वी देश विकास के दौड़ में आगे बढ़ रहे हैं। उसी तरह से भारत के पूर्वी राज्यों को विकास में आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है, विकसित बिहार, हर युवा को रोजगार। बिहार के नौजवानों को बिहार में ही रोजगार के ज्यादा से ज्यादा मौके मिले, इसलिए पिछले वर्षों में तेजी से काम हुए हैं। हाल में सरकार में बड़े पैमाने पर सरकारी नियुक्ति हुई है।

 दो दशक पहले बिहार हताशा में डूबा हुआ था – केंद्र सरकार कंधे से कंधा मिलाकर बिहार सरकार का साथ दे रही है। पीएम मोदी ने कहा कि आज की पीढ़ी को जानना जरूरी है कि बिहार दो दशक पहले किस तरह हताशा में डूबा हुआ था। राजद और कांग्रेस के राज में विकास पर ब्रेक था, गरीब का पैसा गरीब तक पहुंचना असंभव था। जो शासन में थे, उनमें बस यही सोच थी कि कैसे गरीब के हक का पैसा लूट लें।

 नए नौजवानों को नया रोजगार – पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक बड़ी योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत प्राइवेट कंपनी में पहली बार नियुक्त होने वाले को 15000 रुपया केंद्र सरकार की तरफ से दिया जाएगा। 1 अगस्त से ही यह योजना लागू होने जा रही है। इस पर केंद्र सरकार एक लाख करोड़ रूपया खर्च करने जा रही है। नए नौजवानों को नया रोजगार, इसका बहुत बड़ा लाभ बिहार के नौजवानों को मिलेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments