HomePunjabप्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने जीएमसीएच सेक्टर-48 में विस्तारित स्वास्थ्य सेवाओं एवं...

प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने जीएमसीएच सेक्टर-48 में विस्तारित स्वास्थ्य सेवाओं एवं नई ओपीडी का किया निरीक्षण

चंडीगढ़- पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा संचालित शैक्षणिक अधोसंरचना एवं पर्यावरणीय पहलों की भी समीक्षा की। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच), दक्षिण परिसर, सेक्टर-48 में प्रशासक ने नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य सचिव मंदीप सिंह बराड़ ने उन्हें आयुष ओपीडी, होम्योपैथी सेवाओं तथा आगामी पंचकर्मा सुविधा के बारे में जानकारी दी।
सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व पर बल देते हुए राज्यपाल ने लोगों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के प्रशासन के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा चिकित्सा अधोसंरचना के उन्नयन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि सभी नागरिकों को बेहतर उपचार एवं मरीजों की देखभाल सुनिश्चित की जा सके। प्रशासक ने फिजियोथेरेपी, इम्यूनाइजेशन, डे-केयर, ऑन्कोलॉजी, योग, डेंटल एवं बाल रोग ओपीडी सहित रेडिएशन ऑन्कोलॉजी सेवाओं का भी निरीक्षण किया। स्वास्थ्य सचिव ने उन्हें अवगत कराया कि हाल ही में कई नई ओपीडी सेवाएं प्रारंभ की गई हैं तथा स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता एवं उपयोग बढ़ाने के लिए जन-जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सेक्टर-47 एवं सिविल अस्पताल, सेक्टर-45 में प्रशासक के साथ स्वास्थ्य सचिव एवं निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. सुमन सिंह भी उपस्थित रहीं। यहां उन्होंने आयुर्वेदिक फार्मेसी, होम्योपैथी ओपीडी, डेंटल ओपीडी, एएनसी ओपीडी एवं एएनएम/आरसीएच कक्ष सहित फार्मेसी सेवाओं का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने आपातकालीन सेवाएं, ईसीजी सुविधा, ईएमओ कक्ष सेवाएं, बीपी जांच जैसी बुनियादी स्वास्थ्य जांच एवं मलेरिया प्रयोगशाला सेवाओं की भी समीक्षा की। प्रशासक ने मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया, जिस पर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई।इसके उपरांत गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मलोया में प्रशासक ने मलोया समाधान शिविर के दौरान उठाए गए विद्यालय संबंधी मुद्दों की समीक्षा की।
उन्हें अवगत कराया गया कि गवर्नमेंट हाई स्कूल, मलोया में अधोसंरचना को और मजबूत करने हेतु 25 कमरों के निर्माण के लिए टेंडर स्वीकृत कर दिया गया है। इस अवसर पर शिक्षा सचिव सुश्री प्रेरणा पुरी एवं निदेशक स्कूल शिक्षा श्री नितिश सिंगला भी उपस्थित रहे।इससे पूर्व दादू माजरा डंपिंग ग्राउंड स्थल पर प्रशासक ने जुलाई माह में प्रस्तावित वृक्षारोपण अभियान हेतु चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नगर निगम आयुक्त अमित कुमार को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान वृक्षारोपण गतिविधियों के सुचारु संचालन के लिए भूमि समतलीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments