नई दिल्ली। भारत में साल के पहले चक्रवाती तूफान अर्नब की आहट सुनाई दे रही है। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग या अन्य मौसम जानकारों ने अब तक ठोस तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन संभावनाएं जताई जा रही हैं कि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब आगे बढ़ रहा है और इसके बुधवार तक मजबूत होने के आसार हैं। खास बात यह है कि यदि यह चक्रवाती तूफान में बदलता है, तो इसे अर्नब नाम दिया जाएगा।मौसम जानकारों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच गया है।
यह मौसमी सिस्टम 22 सितंबर को दबाव में और 23 सितंबर को गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। यह उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट पर पहुंचने के दौरान गहरे दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती तूफान के बीच की स्थिति में हो सकता है, जिससे उत्तर आंध्र प्रदेश, दक्षिण ओडिशा और तेलंगाना में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। तटीय क्षेत्रों में घने बादल छाने और आंध्र प्रदेश व ओडिशा के तट से जुड़े इलाकों के प्रभावित होने की आशंका है। इसका प्रभाव पश्चिम बंगाल तक भी जा सकता है।इस नए मौसमी सिस्टम के बीच भारत के कई राज्यों में सोमवार से बारिश का नया दौर शुरू हुआ है, जिनमें महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश शामिल हैं। हालांकि, राज्यों में हो रही मौजूदा बारिश का इससे सीधा संबंध स्पष्ट नहीं है। जानकारों ने संभावनाएं जताई हैं कि ताजा मौसमी सिस्टम का लैंडफॉल 23 सितंबर को हो सकता है। दबाव का क्षेत्र बनने के बाद और सटीक जानकारी मिल सकेगी, लेकिन 27 सितंबर तक कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है।
मुख्य रूप से तेलंगाना, दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश में बहुत भारी बारिश और जलभराव देखने को मिल सकता है।इसके अतिरिक्त, मध्य प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र, पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, झारखंड, छत्तीसगढ़ और बिहार में भी भारी बारिश हो सकती है, जिससे कई जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। ओडिशा में इस संभावित स्थिति को लेकर पहले से अलर्ट जारी है। भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र की प्रमुख मनोरमा मोहंती ने 18 सितंबर को बताया था कि कम दबाव वाले क्षेत्र के धीरे-धीरे गहराने और अगले तीन-चार दिनों के दौरान दक्षिण ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ने की संभावना है। उन्होंने आश्वस्त किया था कि घबराने की जरूरत नहीं है और यदि यह तंत्र और गहराता है, तो उचित समय पर लोगों को सूचित किया जाएगा। मौसम विभाग ने 25 सितंबर तक राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान भी जताया है।



