नई दिल्ली। खाद्य पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया कि बेलगाम महंगाई ने मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का जीना मुहाल किया है, लेकिन अच्छे दिन का वादा करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस गंभीर मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने 1977 की मशहूर हिंदी फिल्म हम किसी से कम नहीं के एक गाने का जिक्र कर मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, क्या हुआ तेरा वादा? वो कसम, वो इरादा?
रमेश ने दावा किया कि बीते एक माह में मसालों, दालों और खाने के तेल सहित कई जरूरी खाद्य पदार्थों के दाम में 10 से 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है, इस मंहगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।उन्होंने बताया कि छोटी इलायची की कीमत 4,000 से बढ़कर 4,400 रुपये प्रति किलोग्राम, जबकि जावित्री 2,500 से बढ़कर 3,000 रुपये प्रति किलोग्राम हुई है। दालों में, अरहर दाल की कीमत 100 से बढ़कर 130 रुपये प्रति किलोग्राम और उड़द दाल 120 से बढ़कर 140 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। सरसों तेल और सफोला तेल की कीमतों में भी क्रमशः 20 और 40 रुपये प्रति लीटर का उछाल आया है।
कांग्रेस नेता रमेश ने विशेष रूप से प्याज की कीमतों का हवाला देकर कहा कि जून से सितंबर के बीच इसकी अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत 29.50 से बढ़कर 53.78 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जो लगभग 82.3 प्रतिशत की भारी वृद्धि है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बढ़ती महंगाई के कारण गरीब परिवारों के लिए दाल और अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री खरीदना अब मुश्किल होता जा रहा है। कांग्रेस महासचिव ने प्रधानमंत्री मोदी पर महंगाई के मुद्दे पर जानबूझकर चुप रहने का आरोप लगाकर सवाल किया, देश पूछ रहा है कि अच्छे दिन कहां गए प्रधानमंत्री मोदी जी? सिर्फ प्रवचनों में बचे हैं क्या? उन्होंने केंद्र सरकार की चुप्पी पर रोष व्यक्त कर पूछा, जनता भूखी रहे, मोदी सरकार चुप रहे…क्या यही है नया भारत?



