HomePunjabसीमा पार से हथियार तस्करी वाले मॉड्यूल से संबंधित आठ व्यक्ति 11...

सीमा पार से हथियार तस्करी वाले मॉड्यूल से संबंधित आठ व्यक्ति 11 आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार

चंडीगढ़/अमृतसर :मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता में, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने आठ आरोपियों को 11 आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर सीमा पार से हथियार तस्करी के मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान गुलाबजीत सिंह उर्फ प्रिंस (21) और हरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत (23), दोनों निवासी गांव अटारी, अमृतसर; गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (24) निवासी गांव हरदोवाल, कलानौर, गुरदासपुर; कुलजीत सिंह (39) और शमशेर सिंह उर्फ शेरा (40), निवासी गांव रणियां, अमृतसर; अमन राणा उर्फ चीनी (20) निवासी छेहरटा, अमृतसर; शरणजीत सिंह उर्फ सनी (29) निवासी गांव किरलगढ़, अमृतसर; और तरनतारन के गांव मालिया के रहने वाले अजय सिंह (23) के रूप में हुई है।बरामद हथियारों में चार .30 बोर (चीनी निर्मित), चार .30 बोर पीएक्स5 स्टॉर्म, एक .30 बोर ज़िगाना, एक 9 एमएम ग्लॉक (ऑस्ट्रियाई निर्मित) और एक 9 एमएम (ऑस्ट्रियाई निर्मित) तथा आठ जिंदा कारतूस शामिल हैं।

इसके अलावा पुलिस टीमों ने आरोपियों की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार उक्त आरोपी कथित तौर पर अवैध हथियारों की सप्लाई में शामिल विदेशी कारिंदों के संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि बरामद किए गए ये हथियार आगे अपराधिक तत्वों को सप्लाई किए जाने थे, जिनका इस्तेमाल जबरन वसूली, हिंसक अपराधों और अन्य अवैध गतिविधियों में होना था। डीजीपी ने कहा कि नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान करने और हथियारों का पता लगाने के लिए इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों की जांच की जा रही है।

कार्रवाई के बारे में विवरण साझा करते हुए पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि प्राप्त गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने आरोपी गुलाबजीत उर्फ प्रिंस और हरप्रीत उर्फ प्रीत को दो पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर लिया।उन्होंने कहा कि आगे की जांच के दौरान पुलिस टीमों ने एक अन्य आरोपी गुरप्रीत उर्फ गोपी को चार पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर लिया और उसके द्वारा किए गए खुलासों के आधार पर पुलिस टीमों ने आगे उसके दो साथियों कुलजीत सिंह और शमशेर उर्फ शेरा को दो पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी गुरप्रीत उर्फ गोपी ने खुलासा किया कि वह सोशल मीडिया एप्लिकेशनों के माध्यम से एक विदेशी गैंगस्टर के संपर्क में था, जो उनके लिए अटारी सेक्टर में विभिन्न स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से भेजी जाने वाली हथियारों की खेप का प्रबंध कर रहा था।उन्होंने कहा कि आगे की जांच के दौरान पुलिस टीमों ने दो अन्य आरोपियों अमन राणा उर्फ चीनी और शरणजीत उर्फ सनी को दो पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर लिया और उक्त आरोपियों के खुलासों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने एक पिस्तौल सहित आरोपी अजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जांच के अनुसार आरोपी हरप्रीत उर्फ प्रीत, गुरप्रीत उर्फ गोपी, शरणजीत उर्फ सनी और अजय सिंह पहले हत्या, हत्या की कोशिश, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस अधिनियम और चोरी के मामलों में भी शामिल रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस संबंध में आगे की जांच जारी है।इस संबंध में, तीन अलग-अलग मामले – शस्त्र अधिनियम की धारा 25(8) के तहत थाना एयरपोर्ट पर एफआईआर नंबर 14 दिनांक 01-06-2026, शस्त्र अधिनियम की धारा 25(8) के तहत थाना सदर पर एफआईआर नंबर 122 दिनांक 10-06-2026 और शस्त्र अधिनियम की धारा 25(8) के तहत थाना छेहरटा, अमृतसर पर एफआईआर नंबर 133 दिनांक 16-06-2026 को दर्ज किए गए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments