नई दिल्ली । सोने और चांदी के भाव में गुरुवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। घरेलू मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दोनों बहुमूल्य धातुओं के दाम शुरुआती नरमी के बाद और नीचे आ गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी में बिकवाली का माहौल बना हुआ है, जिसका सीधा असर भारतीय वायदा बाजार पर दिख रहा है। खबर लिखे जाने के समय घरेलू बाजार में सोना 1,52,651 रुपये और चांदी 2,46,909 रुपये के करीब कारोबार कर रही थी। एमसीक्स पर सोने का बेंचमार्क अगस्त कॉन्ट्रैक्ट 1,573 रुपए की भारी गिरावट के साथ 1,52,306 रुपए के भाव पर खुला।
इसका पिछला बंद भाव 1,53,879 रुपए था। खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट 1,228 रुपए की गिरावट के साथ 1,52,651 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा था। दिन के कारोबार में इसने 1,52,685 रुपए का उच्च स्तर और 1,52,306 रुपए का निचला स्तर छुआ। इस साल सोने के वायदा भाव ने 1,80,779 रुपए का सर्वोच्च स्तर देखा था, जिससे यह काफी नीचे आ चुका है। चांदी के भाव में भी गुरुवार को जोरदार सुस्ती देखने को मिली। एमसीएक्स पर चांदी का बेंचमार्क जुलाई कॉन्ट्रैक्ट 3,807 रुपए की गिरावट के साथ 2,48,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर खुला। इसका पिछला बंद भाव 2,51,807 रुपए था। खबर लिखे जाने तक यह कॉन्ट्रैक्ट 4,898 रुपए की भारी गिरावट के साथ 2,46,909 रुपए के भाव पर कारोबार कर रहा था।
दिन में इसने 2,48,000 रुपए का उच्च और 2,45,509 रुपए का निचला स्तर बनाया। इस साल चांदी ने 4,20,048 रुपए प्रति किलो का उच्चतम स्तर छुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर भी बहुमूल्य धातुओं में सुस्ती दर्ज की गई। सोना 4,275.10 डॉलर प्रति औंस पर खुला और खबर लिखे जाने तक 50.90 डॉलर की गिरावट के साथ 4,330.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। पिछला बंद भाव 4,381.40 डॉलर प्रति औंस था। वहीं चांदी भी 68.04 डॉलर प्रति औंस पर खुली और 1.82 डॉलर की गिरावट के साथ 68.94 डॉलर प्रति औंस पर बनी हुई थी। वैश्विक आर्थिक संकेतों के कारण निवेशकों की सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने-चांदी से दूरी बनाने से इन धातुओं पर दबाव देखा जा रहा है।



