नई दिल्ली । मध्य पूर्व में गहराते भू-राजनीतिक तनाव और फेडरल रिजर्व की आगामी मौद्रिक नीति को लेकर बनी अनिश्चितता के चलते निवेशकों ने शुक्रवार को सतर्कता बरती। इसी का असर सोने-चांदी के कारोबार में मिलाजुले रुझानों के रूप में देखा गया, जहां सोना नरमी के साथ खुला, वहीं चांदी ने शुरुआती सुस्ती के बाद तेजी दर्ज की। अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर सोना 4,135 डॉलर प्रति औंस के करीब फिसल गया, जबकि चांदी 60.75 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार कर रही थी। भारतीय वायदा बाजार एमसीएक्स पर खबर लिखे जाने तक सोने का अगस्त कॉन्ट्रैक्ट 1,42,900 रुपये पर, जबकि चांदी का सितंबर कॉन्ट्रैक्ट 2,26,850 रुपये के करीब कारोबार कर रहा था।
एमसीएक्स पर सोने का बेंचमार्क अगस्त कॉन्ट्रैक्ट 410 रुपये की गिरावट के साथ 1,44,890 रुपये पर खुला। पिछला बंद भाव 1,45,300 रुपये था। दिन के कारोबार में यह 384 रुपये की गिरावट के साथ 1,44,916 रुपये पर कारोबार करता रहा। इसने 1,45,061 रुपये का उच्च और 1,44,860 रुपये का निम्न स्तर छुआ। इस साल सोने ने 1,80,779 रुपये का सर्वोच्च स्तर छू लिया था। इसके विपरीत एमसीएक्स पर चांदी के सितंबर कॉन्ट्रैक्ट ने शुरुआती सुस्ती के बाद मजबूती दिखाई। यह 11 रुपये की गिरावट के साथ 2,26,368 रुपये पर खुला, लेकिन बाद में 477 रुपये की बढ़त के साथ 2,26,854 रुपये पर कारोबार करने लगा।
पिछला बंद भाव 2,26,377 रुपये था। दिन के दौरान इसने 2,26,960 रुपये का उच्चतम और 2,25,871 रुपये का न्यूनतम स्तर देखा। चांदी ने इस साल 4,20,048 रुपये प्रति किलो का सर्वोच्च स्तर छुआ है। कॉमेक्स पर भी सोने में नरमी बनी रही, यह 4,135.40 डॉलर प्रति औंस पर खुला और 5.70 डॉलर की गिरावट के साथ 4,135.10 डॉलर पर कारोबार करता रहा। वहीं कॉमेक्स पर चांदी ने शुरुआती कमजोरी के बाद रिकवरी की और 0.16 डॉलर की तेजी के साथ 60.91 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी, जबकि यह 60.41 डॉलर पर खुली थी।



