आसन – भारत की उभरती हुई बैडमिंटन स्टार अश्मिता चालिहा ने रविवार को कोरिया मास्टर्स सुपर 300 टूर्नामेंट का महिला एकल खिताब जीत लिया। ये उपलब्धि हासिल करने वाली अश्मिता पहली भारतीय खिलाड़ी बन गयी हैं। विश्व रैंकिंग में 50 वीं वरीयता प्राप्त अश्मिता ने फाइनल मुकाबले में 35 वीं वरीयरता प्राप्त चीन की खिलाड़ी हान कियान शी को 53 मिनट तक चले मुकाबले में 14-21, 21-14, 21-14 से हराया। इस मैच में पहला गेम हारने के बाद अश्मिता ने अच्छी वापसी करते हुए लगातार दो गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम किया। यह उनका पहला बीडब्ल्यू एफ विश्व टूर खिताब है।
अश्मिता ने मुकाबले की शुरुआत में ही 3-0 और फिर 9-5 की बढ़त बना ली पर हान ने इसके बाद अच्छी वापसी करते हुए स्कोर 11-11 से बराबर कर दिया। इसके बाद हान ने लगातार अंक हासिल किये और पहले गेम पर अपनी पकड़ पक्की कर ली। हान ने अपनी लय बरकरार रखते हुए पहला गेम 21-14 से जीत लिया। शुरुआती गेम में हार के बाद भी अश्मिता ने दूसरे दूसरे गेम में और आक्रामक रुख अपनाया।दूसरे गेम में अश्मिता ने अपने स्मैश का अच्छा इस्तेमाल किया और चीनी खिलाड़ी पर दबाव बनाये रखा। दोनों खिलाड़ियों के बीच शुरुआत में 6-6 की बराबरी रही पर हाफ टाइम तक अश्मिता ने 11-8 की बढ़त बना ली। इसके बाद अश्मिता लगातार आगे बढ़ती रहीं। हान ने वापसी के प्रयास किये पर असफल रही।
भारतीय खिलाड़ी ने 17-10 की बढ़त हासिल करने के बाद गेम 21-14 से जीत लिया और मुकाबले को तीसरे और निर्णायक गेम में पहुंचा दिया। तीसरे गेम की शुरुआत में ही दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। अश्मिता ने शुरुआत में 5-2 की बढ़त बनाई पर हाफ टाइम तक हान ने वापसी करते हुए 11-9 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद अश्मिता ने लगातार छह अंक हासिल करते हुए 15-11 की बढ़त बना ली। बढ़त से उत्साहित भारतीय खिलाड़ी ने एक शानदार क्रॉस-कोर्ट विनर लगाकर स्कोर 19-14 पहुंचा दिया। हान के रिटर्न शॉट के बाहर जाने के बाद अश्मिता को चैंपियनशिप अंक मिला और उन्होंने अगले ही मौके पर मुकाबला खत्म करते हुए अपना पहला बीडब्लयूएफ विश्व खिताब जीता।



