भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व भारतीय कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा है कि आक्रामक सलामी बल्लेबाज ईशान किशन एक अच्छे टेस्ट बल्लेबाज बन सकते हैं पर उन्हें अवसर नहीं मिल रहा। श्रीकांत के अनुसार एक अच्छे टेस्ट बल्लेबाज बनने के लिए जिस प्रकार का कौशल चाहिये वह इस बल्लेबाज में है पर फिर भी उसे अवसर नहीं मिल रहा। साथ ही कहा कि ये निराशाजन बात है कि एक काबिल खिलाड़ी टीम में जगह हासिल नहीं कर पा रहा। ये एक प्रकार से उसकी प्रतिभा के साथ अन्याय है।गौरतलब है कि करीब दो साल तक राष्ट्रीय टीम से बाहर रहने के बाद, किशन हाल ही में टी20 विश्वकप से टीम में वापसी करने में सफल रहे हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ 50-ओवर के प्रारुप में भी उन्होंने एक अच्छा शतक लगाया है। श्रीकांत के अनुसार उन्हें ईशान के खेलने का अंदाज अच्छा लगता है। इसी को देखते हुए इस पूर्व कप्तान का मानना है कि कि साल 2023 में कुछ टेस्ट मैच खेल चुके किशन टेस्ट में अवसर मिलने पर भी प्रभावित ही करेंगे।
उन्होंने इस बल्लेबाज के खेल की सराहना करते हुए कहा, मैं ईशान किशन का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। उन्होंने अचानक वापसी की है और बहुत बढ़िया खेल रहे हैं। मुझे उनका खेल पसंद है। उनके स्ट्रोक खेलने का तरीका, टाइमिंग, पावर और आसानी से खेलने की क्षमता सब लाजवाब है। वह सभी प्रारुपों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं पर उन्हें एक प्रारुप तक ही सीमित कर दिया गया है जो भारतीय क्रिकेट के लिए नुकसान देह रहेगा।गौरतलब है कि साल 2024 में ईशान को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के केंद्रीय अनुबंध से हटा दिया गया था। तब इसका कारण जानबूझकर घरेलू क्रिकेट नहीं खेलना बताया गया। इसके बाद ईशान ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर अपने को साबित करते हुए मैदान पर वापसी की।
श्रीकांत ने भारतीय क्रिकेट टीम की मौजूदा चयन समिति पर भी अपनी राय रखी। उनका मानना है कि समिति घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले कुछ खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में मौके देने के मामले में हमेशा अच्छा काम नहीं कर पाई है। उन्होंने यशस्वी जायसवाल का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्हें शीर्ष क्रम में बहुत ज्यादा प्रतिस्पर्धा होने के कारण सीमित ओवरों के क्रिकेट में कभी-कभी ही मौके मिलते हैं, जो उनके लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। श्रीकांत ने जायसवाल की प्रतिभा पर जोर देते हुए कहा, वह सभी फॉर्मेट में खेलने वाले क्रिकेटर हैं। लेकिन उन्हें सिर्फ टेस्ट क्रिकेट में ही मौका मिलता है। उन्होंने जायसवाल के अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन का जिक्र करते हुए बताया, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली सीरीज में भी, उन्होंने एकदिवसय मैचों में से एक में शतक लगाया था। उन्होंने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे बड़े टेस्ट खेलने वाले देशों में भी शतक लगाए हैं। मुझे लगता है कि वह टी20 क्रिकेट में भी कमाल के हैं।



