मुंबई । मुंबई के कुर्ला इलाके में बुधवार तड़के भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। हादसा सुबह करीब 3:48 बजे चिराग नगर के अशोक नगर स्थित गौसिया चॉल में हुआ। सूचना मिलते ही बीएमसी, मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।बीएमसी के अनुसार, पहाड़ी से मिट्टी और मलबा खिसककर चॉल के दो से तीन कमरों पर जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मलबे में छह से आठ लोगों के फंसे होने की आशंका है। अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों की पहचान सोहेल अंसारी (18) और मोहम्मद अंसारी (14) के रूप में हुई है।मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की। मेयर ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और सभी एजेंसियों को बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
मेयर ने बताया कि घटनास्थल और वहां पहुंचने वाला रास्ता बेहद संकरा है, जिससे बचाव कार्य में कठिनाई आ रही है। इसके बावजूद बीएमसी, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और मुंबई पुलिस की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।
बीएमसी ने बताया कि अशोक नगर के हिल नंबर-3 क्षेत्र में भूस्खलन और चट्टान गिरने के खतरे को लेकर स्थानीय निवासियों को पहले ही सावधान किया गया था। मानसून से पहले भी संवेदनशील इलाकों में नोटिस और जागरूकता अभियान चलाए गए थे।



