कोलकाता । पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के जमुरिया क्षेत्र स्थित एक स्पंज आयरन फैक्ट्री में देर रात भट्टी में भीषण विस्फोट हो गया। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई, जिससे कम से कम पांच कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल पांच घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन धमाके के समय भट्टी के पास कितने कर्मचारी मौजूद थे, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का दावा है कि आठ से दस मजदूर अब भी लापता हैं और उनके फैक्ट्री के भीतर फंसे होने की आशंका है।जमुरिया थाना प्रभारी सौमेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि विस्फोट के बाद भट्टी के आसपास का तापमान बेहद अधिक होने के कारण राहत दल अंदर प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तापमान सामान्य होने और क्षेत्र को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही अंदर फंसे लोगों की तलाश शुरू की जाएगी।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के कई मकानों में दरारें आ गईं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इस बीच स्थानीय भाजपा नेता दीप बंद्योपाध्याय ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए हादसे की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद भी प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। वहीं, स्थानीय विधायक बिजन मुखोपाध्याय ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री परिसर को सुरक्षित बनाने के बाद लापता कर्मचारियों की तलाश तेज की जाएगी।



