नई दिल्ली । देश के कई हिस्सों में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के चलते बाढ़ का खतरा बढ़ गया है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश से भूस्खलन और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में मानसून के दोबारा सक्रिय होने के बाद 31 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बना हुआ है। प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हैं और भूस्खलन के कारण मार्ग बाधित हुए हैं। पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।मध्य प्रदेश में भी मानसून सक्रिय है और कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश जारी रह सकती है। देश के पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील पहाड़ी इलाकों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।



