अंबाला : अंबाला जिले के गांव धनोडा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को चिंता में डाल दिया। गांव का चार वर्षीय मासूम निर्भय खेलते-खेलते लगभग 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, दमकल विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला उपायुक्त स्वयं मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों की कमान संभाली।
उन्होंने अधिकारियों से लगातार स्थिति की जानकारी ली तथा रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी भी प्रकार की कमी न रहने के निर्देश दिए। डीसी ने बताया कि बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बोरवेल के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर आधुनिक मशीनों की सहायता से समानांतर गड्ढा खोदने का कार्य भी शुरू किया गया है। तकनीकी विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार रेस्क्यू अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि बच्चे तक सुरक्षित तरीके से पहुंचा जा सके। साथ ही बोरवेल के भीतर बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर रखने के लिए विशेष उपकरणों का भी उपयोग किया जा रहा है।
मौके पर एनडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, दमकल विभाग, बिजली निगम तथा अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ जुटे हुए हैं। एंबुलेंस और मेडिकल टीम को भी मौके पर तैनात रखा गया है ताकि बच्चे के बाहर निकलते ही उसे तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण लगातार रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए हैं और मासूम निर्भय के सकुशल बाहर आने की दुआ कर रहे हैं।
बच्चे के परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और प्रशासन से हर संभव प्रयास करने की अपील कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा रेस्क्यू अभियान में बाधा न डालें। प्रशासन ने विश्वास दिलाया कि सभी एजेंसियां पूर्ण समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। पूरे जिले की निगाहें अब इस रेस्क्यू अभियान पर टिकी हैं और सभी मासूम निर्भय के सकुशल बाहर आने की कामना कर रहे हैं।



