नई दिल्ली। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने भेंट की जानकारी एक्स पर साझा कर बताया कि लोकसभा अध्यक्ष बिरला से सौहार्दपूर्ण मुलाकात हुई। हालांकि, इस दौरान किन विषयों पर चर्चा हुई, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं सामने आई है।यह मुलाकात तब हुई है जब बिहार की राजनीति में हालिया घटनाक्रमों को लेकर लगातार चर्चाएं जारी हैं।
राजनीतिक विश्लेषक सामान्य शिष्टाचार भेंट मान रहे हैं, लेकिन इसके समय को लेकर विभिन्न कयास लगाए जा रहे हैं। इससे पहले, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम आने के बाद नीतीश कुमार ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी। उस मुलाकात के बाद भी बिहार की राजनीतिक परिस्थितियों और राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की अटकलें लगाई गई थीं, हालांकि उस बैठक के संबंध में भी कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई थी।
अब लोकसभा अध्यक्ष बिरला से पूर्व मुख्यमंत्री की शिष्टाचार भेंट को भी राजनीतिक हलकों में अहम माना जा रहा है। संसद भवन में हुई मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद इसे लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, जदयू की ओर से इसे पूरी तरह औपचारिक और शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है, पर इसके संभावित निहितार्थों पर राजनीतिक गलियारों में चर्चा जारी है।



