नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग पर लग रहे आरोपों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं का एकमात्र एजेंडा देश की स्वतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम और कमजोर करना है।केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि जहां एक ओर 140 करोड़ भारतीय अपनी कड़ी मेहनत से विकसित भारत का संकल्प पूरा कर रहे हैं और दुनियाभर में भारत का नाम हो रहा है, वहीं कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता देश की तरक्की को देखकर निराश और हताश है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के सभी झूठे आरोप तथ्यों की कसौटी पर बार-बार गलत साबित हुए हैं। चुनाव आयोग से लेकर देश की सबसे बड़ी अदालतों तक, उनके हर झूठ की पोल खुल चुकी है।केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि जब विपक्ष के पास कोई नीति या विजन नहीं होता, तब वे देश में भ्रम और अराजकता फैलाने के लिए नई-नई साजिशें रचते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले एक झूठी खबर पर पूरे देश में हंगामा खड़ा किया था, और अब जब चुनाव आयोग के सभी सदस्यों ने उनके हर झूठ का पर्दाफाश कर दिया है, तब वे फिर से माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
नड्डा ने राहुल गांधी को सीधा संदेश देकर कहा, राहुल गांधी कान खोलकर सुन लें! किसी झूठ को सौ बार दोहराने से वह सच नहीं बन जाता और न ही सच कभी हारता है।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी जैसे नेताओं पर देश की स्वतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया, इस टूलकिट मानसिकता बताया जो देश के विकास को रोकने के लिए हर सुबह एक नई साजिश रचती है। नड्डा ने विपक्ष के काम करने के तरीके पर कटाक्ष कर कहा, आरोप लगाना, देश का माहौल खराब करना और भाग जाना, यही विपक्ष काम रह गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को देश की सुरक्षा, जन-कल्याण या देश के सम्मान और प्रतिष्ठा की कोई परवाह नहीं है। उनका एकमात्र मकसद सत्ता हासिल करना, परिवारवाद की राजनीति को बढ़ावा देना और अपना निजी फायदा उठाना है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता ने अतीत में देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करने वाली ताकतों को करारा सबक सिखाया है।



