HomeNationalअनियंत्रित स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 5...

अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार की अलसुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। शहर के बस स्टैंड के पास परशुराम चौराहे पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सवारियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक घटना में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की जान चली गई, जबकि एक मासूम बच्चे सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह लगभग तीन बजे उस समय हुआ जब एक परिवार शीतला माता मंदिर में दर्शन कर ऑटो से वापस लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो  ने ऑटो को इतनी भीषण टक्कर मारी कि वह सड़क किनारे लगे नीम के पेड़ से जा टकराया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य की मौत अस्पताल में उपचार के दौरान हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो चालक ने इससे पहले बस स्टैंड के पास एक ई-रिक्शा को भी टक्कर मारी थी। पुलिस की टीम उसका पीछा कर रही थी, जिससे बचने के लिए चालक गाड़ी को बेहद तेज रफ्तार में भगा रहा था। इसी आपाधापी में भागते समय उसने परशुराम चौराहे पर ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया।हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शुभम उर्फ लाली (30), उनकी पत्नी शगुन, ताऊ इंद्रजीत उर्फ पप्पू शाक्य (55), ताई लीला बाई (52) और मेरठ निवासी शुभम की सास प्रीति (60) के रूप में हुई है।

वहीं, घायलों में 5 और 6 साल के दो मासूम बच्चे प्रियांश व आरव, 20 वर्षीय युवती प्रीति और ऑटो चालक शामिल हैं। घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां ऑटो चालक की स्थिति अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीएसपी अतुल कुमार सोनी ने पुष्टि की है कि पांच लोगों की मृत्यु हुई है और शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। एसपी धर्मवीर यादव ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह नशे की हालत में था या नहीं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments