नई दिल्ली। 20वें रोजगार मेले में कई सरकारी संगठनों में 51 हजार से ज्यादा नवनियुक्त युवाओं को पीएम मोदी ने नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर नव चयनित उम्मीदवारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत का युवा हौसले के साथ आगे बढ़ रहा है। अब सरकार में रहते हुए आपकी जिम्मेदारी है कि युवाओं की आकांक्षाओं को समझते हुए अपने काम को बखूबी निभाएं। पीएम मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रोजगार मेले का उद्घाटन किया।उन्होंने कहा कि देश में त्योहारों का समय आ चुका है।
इन खुशियों के बीच आज का दिन हजारों परिवारों के जीवन में एक नई खुशी लेकर आया है। आज देश के 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी सेवाओं के लिए नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं। आज आप जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसके पीछे आपकी मेहनत तो है ही, इसके साथ ही आपके माता-पिता और आपके परिजनों की भी तपस्या है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं आप सभी युवा साथियों को और आपके परिवारजनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। जीवन की इस नई शुरुआत के लिए मैं सभी को शुभकामनाए भी देता हूं।उन्होंने कहा कि युवा होने के नाते विशेष तौर पर अन्य युवाओं के प्रति आपकी विशेष जिम्मेदारी है।
आज आप देख रहे हैं कि हमारे युवाओं के टैलेंट और स्किल्स ने पूरी दुनिया का भरोसा जीता है। दुनिया को हमारे इनोवेटर, उद्यमी और हमारी युवाशक्ति से बहुत उम्मीदें हैं। इसी बीच, पीएम मोदी ने एक कविता पढ़ते हुए कहा- सूरज हमारा हो, समंदर भी हमारा हो। नाव हमारी हो, नाविक भी हमारा हो। लहरों पर विजय लिखें, वो हौसला हमारा हो। उन्होंने कहा कि आज भारत का युवा इसी हौसले के साथ आगे बढ़ रहा है। अब आप सभी की भारत सरकार में रहते हुए ये जिम्मेदारी है कि देश के युवाओं की आकांक्षाओं को समझते हुए आप अपने काम को बखूबी निभाएं।



