नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18वें रोजगार मेला में शानिवार को 61,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ये नियुक्ति पत्र केवल नौकरी नहीं बल्कि “नेशन बिल्डिंग का इनविटेशन लेटर” और “विकसित भारत के निर्माण का संकल्प पत्र” हैं। पीएम मोदी ने युवाओं को नए वर्ष और बसंत पंचमी के मौके पर शुभकामनाएं देकर संविधान के प्रति अपने दायित्वों को निभाने की प्रेरणा दी। पीएम मोदी ने तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी और नई चुनौतियों के बीच खुद को अपग्रेड करने पर जोर दिया। उन्होंने आईजीओटी प्लेटफॉर्म का उदाहरण देकर बताया कि करीब डेढ़ करोड़ सरकारी कर्मचारी इस माध्यम से खुद को प्रशिक्षित और सशक्त बना रहे हैं।
उन्होंने “नागरिक देवो भव:” के मंत्र के तहत समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का महत्व बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश “रिफॉर्म एक्सप्रेस” पर है, जिसका उद्देश्य जीवन और कारोबार दोनों को सरल बनाना है।इस मौके पर 8,000 से अधिक बेटियों को नियुक्ति पत्र दिए गए, और बीते 11 वर्षों में महिलाओं की वर्कफोर्स में भागीदारी करीब दोगुनी हुई है। साथ ही, भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार और मोबिलिटी समझौतों के जरिए युवाओं के लिए नए मौके पैदा कर रहा है। डिजिटल मीडिया, क्रिएटर इकोनॉमी और अन्य क्षेत्रों में भारत तेजी से वैश्विक केंद्र बनता जा रहा है। कुल मिलाकर, यह रोजगार मेला युवाओं के लिए नई शुरुआत, कौशल विकास और देश की प्रगति में योगदान देने का अवसर साबित हुआ।



