नई दिल्ली । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 3 अगस्त से ओडिशा के 3 दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी और भुवनेश्वर से ब्रह्मपुर के बीच ट्रेन से यात्रा करेंगी। राष्ट्रपति भवन से जुड़े अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। उनकी यात्रा से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रपति मुर्मू 3 अगस्त की दोपहर नई दिल्ली से विशेष विमान द्वारा भुवनेश्वर पहुंचेंगी।
इसके बाद वे सड़क मार्ग से कटक जिले की डमापाड़ा तहसील में स्थित जगद्गुरु कृपालु विश्वविद्यालय का उद्घाटन करेंगी और रात को भुवनेश्वर लौटेंगी।अगले दिन, 4 अगस्त को राष्ट्रपति भुवनेश्वर से ब्रह्मपुर तक ट्रेन से यात्रा करेंगी, जिसका कारण मानसूनी बारिश से उत्पन्न मौजूदा स्थितियां हैं। ब्रह्मपुर से वे सड़क मार्ग से तप्तपानी जाएंगी, जहां मां कंधुनी देवी पीठ में पूजा-अर्चना के बाद वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगी। इसके बाद वे ब्रह्मपुर के पास धबलेश्वर मंदिर भी जाएगी। राष्ट्रपति का 5 अगस्त को ट्रेन से भुवनेश्वर लौटने और फिर भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है।



