पुणे। पुणे और पिंपरी चिंचवड़ में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। पिछले 24 घंटे के भीतर 13 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि दो लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। शुरुआती जांच में इन मौतों के पीछे जहरीली शराब को वजह माना जा रहा है। इस घटना के बाद पुणे की कानून-व्यवस्था और अवैध शराब कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, पिंपरी-चिंचवड़ के फुगेवाड़ी और पिंपले गुरव इलाके में 8 लोगों की मौत हुई है, जबकि पुणे के हडपसर और कालेपडल क्षेत्र में 5 लोगों की जान गई। सभी मृतकों में पेट दर्द, उल्टी और मिचली जैसे समान लक्षण पाए गए थे।
पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी परिजन ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। हडपसर और कालेपडल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने इस मामले में आरोपी योगेश वानखेडे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, योगेश वानखेडे पर पहले से भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब इस जहरीली शराब कांड में उसके खिलाफ नया मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोग प्रशासन से सवाल कर रहे हैं कि आखिर अवैध और जहरीली शराब का कारोबार खुलेआम कैसे चल रहा था। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई की गई होती, तो इतने लोगों की जान बचाई जा सकती थी। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच तेज कर दी है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले में और खुलासे होने की संभावना है।



