HomeNationalराजीव गांधी की पुण्यतिथि: राहुल, सोनिया और खड़गे ने दी श्रद्धांजलि

राजीव गांधी की पुण्यतिथि: राहुल, सोनिया और खड़गे ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्थित उनकी समाधि वीर भूमि पर दिग्गजों का तांता लगा रहा। गुरुवार सुबह कांग्रेस के शीर्ष नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वीर भूमि पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के विकास में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।इस अवसर पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने वीर भूमि पहुंचकर राजीव गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित किए।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी समाधि स्थल पर जाकर पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया। उनके साथ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा, वरिष्ठ नेता जगदीश टाइटलर और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई प्रमुख नेताओं ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके अलावा वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अजय कुमार लल्लू और पी. चिदंबरम ने भी देश के पूर्व प्रधानमंत्री के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं और आदर व्यक्त किया।राजीव गांधी को याद करते हुए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सूचना क्रांति व पंचायती राज के प्रणेता पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी जी को उनके बलिदान दिवस पर कोटि-कोटि नमन।

भारत को एक सुदृढ़ एवं सशक्त राष्ट्र बनाने में उनके उल्लेखनीय योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। वहीं, कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने उन्हें आधुनिक भारत का निर्माता और युवाओं का आदर्श बताया। उन्होंने कहा कि देश में पंचायती राज और सूचना क्रांति लाने का श्रेय राजीव गांधी को ही जाता है। केरल सरकार के मंत्री रमेश चेन्निथला ने भी भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा कि राजीव गांधी जी का दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण कांग्रेस परिवार को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा, राजीव जी मेरे नेता थे और आज मैं जो कुछ भी हूं, उन्हीं की बदौलत हूं। काश वे आज हमारे बीच होते। देश भर में आज के दिन को उनके बलिदान और आधुनिक भारत के निर्माण में दी गई उनकी सेवाओं के रूप में याद किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments