HomeNationalदल-बदल कानून में बदलाव की मांग पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

दल-बदल कानून में बदलाव की मांग पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

नई दिल्ली। देश में सरकारों के बहुमत को प्रभावित करने और दल-बदल कानून के कथित दुरुपयोग को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट में व्यापक सुधार की मांग उठी है। शीर्ष अदालत ने इस संबंध में दायर जनहित याचिका पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग से जवाब मांगा है। कोर्ट ने विधि आयोग, कानून एवं न्याय मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय को भी नोटिस जारी किया है।मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने याचिका पर सुनवाई करते हुए संबंधित पक्षों से जवाब तलब किया। याचिका में आरोप लगाया गया है कि सांसद और विधायक दल-बदल कानून के तहत अयोग्यता की कार्रवाई से बचने के लिए रणनीतिक तरीके से इस्तीफा देते हैं। इससे निर्वाचित सरकारों के बहुमत और सदन की संख्या-बल में बदलाव की स्थिति बन सकती है।

इस्तीफा देकर अयोग्यता से बचने का आरोप – याचिकाकर्ता ए. सेथु की ओर से अधिवक्ता आर. सतीश कुमार और जतिन ने याचिका दायर की है। इसमें कहा गया है कि संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत दल-बदल के मामलों में अयोग्यता की कार्रवाई लंबित रहने के दौरान कुछ जनप्रतिनिधि इस्तीफे का रास्ता अपना सकते हैं। याचिका के मुताबिक, कई बार स्पीकर या सभापति के अयोग्यता पर फैसला सुनाने से पहले ही संबंधित सदस्य इस्तीफा दे देते हैं। इससे राजनीतिक गठजोड़ बदलने और विधानसभा या संसद में सदस्यों की संख्या प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। याचिकाकर्ता का तर्क है कि इस तरीके से दल-बदल कानून के तहत संभावित कार्रवाई से बचने का रास्ता खुलता है।

इस्तीफे और अयोग्यता पर अलग-अलग फैसला हो – याचिका में मांग की गई है कि यदि किसी सांसद या विधायक के खिलाफ दसवीं अनुसूची के तहत अयोग्यता की कार्यवाही लंबित है या जल्द शुरू होने की उचित आशंका है, तो उसका इस्तीफा अपने आप उस कार्यवाही को समाप्त न करे। याचिकाकर्ता ने कहा है कि स्पीकर या चेयरमैन को इस्तीफे की स्वेच्छा और वास्तविकता की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। इसके लिए वस्तुनिष्ठ तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कारणयुक्त आदेश पारित किया जाना चाहिए। साथ ही, लंबित अयोग्यता याचिका पर भी अलग से फैसला होना चाहिए, ताकि इस्तीफे के कारण दल-बदल संबंधी कार्रवाई निरर्थक न हो जाए।

स्पीकर की भूमिका की संस्थागत समीक्षा की मांग – याचिका में दल-बदल से जुड़े मामलों में स्पीकर-केंद्रित निर्णय व्यवस्था की संस्थागत समीक्षा कराने की मांग भी की गई है। इसमें इस्तीफों और अयोग्यता की कार्यवाही के निपटारे के लिए समयबद्ध प्रक्रिया बनाने पर जोर दिया गया है। याचिकाकर्ता का कहना है कि फैसले पारदर्शी हों और उनमें देरी की गुंजाइश कम हो। मौजूदा व्यवस्था में अयोग्यता से जुड़े मामलों का फैसला स्पीकर या सभापति करते हैं। ऐसे में फैसलों में देरी और इस्तीफों के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए गए हैं।

त्रिशंकु विधानसभा में फ्लोर टेस्ट पर भी जोर – याचिका में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में सरकार गठन और बहुमत परीक्षण को लेकर भी स्पष्ट व्यवस्था बनाने की मांग की गई है। इसमें कहा गया है कि बहुमत का परीक्षण केवल विधिवत गठित सदन के पटल पर होना चाहिए। इसके लिए विधानसभा सदस्यों को संविधान के अनुच्छेद 188 के तहत शपथ दिलाने के बाद ही बहुमत परीक्षण कराने की बात कही गई है। याचिका के अनुसार, सदन के बाहर समर्थन पत्रों, दावों या शक्ति प्रदर्शन के आधार पर बहुमत का निर्धारण नहीं होना चाहिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments