सुनाम – पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूत करने तथा पंजाब को खेलों के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए उन्हें खेल मैदानों से जोड़ना और अपनी प्रतिभा निखारने के उचित अवसर प्रदान करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। कैबिनेट मंत्री आज जिला प्रशासन और खेल विभाग, पंजाब की ओर से ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ सीजन-4 के तहत निआई साहिब वाली धर्मशाला, सुनाम में आयोजित राज्य स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं का शुभारंभ करने के अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलक एवं राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता हरजिंदर कौर ने भी विशेष रूप से शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
अमन अरोड़ा ने विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेना खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और आपसी सम्मान के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रतियोगिता से मिलने वाला अनुभव भविष्य की उपलब्धियों का मार्ग प्रशस्त करता है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ ने गांवों और शहरों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक साझा मंच प्रदान किया है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से उभरती खेल प्रतिभाओं की पहचान होने के साथ-साथ युवाओं में खेलों के प्रति रुचि भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को ऐसा वातावरण उपलब्ध करवाना है, जिसमें वे अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ सकें और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर सकें।
हरजिंदर कौर की खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हरजिंदर कौर जैसी खिलाड़ियों की उपलब्धियां युवा पीढ़ी, विशेषकर लड़कियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। ऐसे खिलाड़ियों की प्रतियोगिताओं में मौजूदगी उभरते खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाती है और उन्हें अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करती है।उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाने और उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए आवश्यक सुविधाएं मिलने से वे ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों जैसे बड़े मुकाबलों में और बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि सुनाम में आधुनिक हॉकी ग्राउंड का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इसी महीने यह ग्राउंड खिलाड़ियों को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से क्षेत्र के हॉकी खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा और नए खिलाड़ियों को भी इस खेल से जुड़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।हॉकी क्लब की ओर से ग्राउंड में कमरे की आवश्यकता संबंधी उठाई गई मांग पर अमन अरोड़ा ने आश्वासन दिया कि खिलाड़ियों की जरूरत के अनुसार कमरे का निर्माण भी जल्द करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे इस खेल प्रोजेक्ट में आवश्यक सुविधाओं की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि सुनाम विधानसभा क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि युवा अपने आसपास के क्षेत्रों में ही अभ्यास कर सकें। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक तंदुरुस्ती के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और मेहनत की भावना पैदा करते हैं तथा युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभिभावकों और कोचों से भी बच्चों की खेल प्रतिभा को पहचानने और उन्हें लगातार प्रोत्साहित करने की अपील की। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी, खेल विभाग के प्रतिनिधि, कोच, विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित थे।



